नवरात्रि पर खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, कुट्टू आटा और काला नमक के नमूने लिए
तीन खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे, नियमों के उल्लंघन पर कंपनियों को नोटिस

कलयुग दर्शन (24×7)
सागर कुमार (सह संपादक)
हरिद्वार। नवरात्रि पर्व के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने चंडीघाट, श्यामपुर, कोंड़ी, गैंडीखाता और लालढंग क्षेत्र में किराना दुकानों एवं रिटेल स्टोरों का निरीक्षण किया। इस दौरान कुट्टू आटे के दो नमूने और व्रत में इस्तेमाल होने वाले काले नमक का एक नमूना सहित कुल तीन खाद्य नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए गए। खाद्य सुरक्षा आयुक्त उत्तराखंड विनय शंकर पाण्डेय तथा जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के अनुपालन में यह कार्रवाई वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन के नेतृत्व में की गई। अभिहित अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान काला नमक बनाने वाली निर्माता कंपनी को उत्पाद के लेबल पर निर्माण तिथि और एक्सपायरी तिथि अंकित नहीं करने पर नोटिस जारी किया गया। वहीं, काला नमक की आपूर्ति करने वाले सप्लायर को बिक्री बिल संबंधी प्रावधानों का पालन नहीं करने पर नोटिस दिया गया।

इसके अलावा कुट्टू आटा निर्माता कंपनी को उत्पाद के लेबल पर ऐसे हेल्थ क्लेम करने के मामले में नोटिस जारी किया गया, जिससे ग्राहकों के भ्रमित होने की आशंका है। निरीक्षण के दौरान किसी भी दुकान पर खुला कुट्टू आटा बिकता हुआ नहीं पाया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सभी खाद्य कारोबारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्माण तिथि और एक्सपायरी तिथि अंकित किए बिना कुट्टू आटा या अन्य फलाहारी खाद्य पदार्थों की बिक्री न करें। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



