उत्तराखंड

लक्सर शुगर मिल के बाहर युवक को मारी गोली, तीन आरोपियों पर मुकदमा

मारपीट के बाद तमंचे से किया फायर, गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर

कलयुग दर्शन (24×7)

सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। लक्सर शुगर मिल के बाहर गोल चौराहे पर मारपीट के बाद एक युवक को गोली मारने का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन युवकों ने पहले रामकेश के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। विरोध करने पर एक आरोपी ने देशी तमंचे से उस पर गोली चला दी। वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल युवक को लक्सर के सरकारी अस्पताल से हायर सेंटर रेफर किया गया। पुलिस ने पीड़ित के भाई की तहरीर पर दो नामजद और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई तहरीर में अकौढ़ा कलां निवासी सुमित कुमार ने बताया कि उसका भाई रामकेश नौ अक्टूबर को दोपहर करीब दो बजे लक्सर शुगर मिल से बाहर निकल रहा था। इसी दौरान गोल चौराहे पर पहले से मौजूद रितिक निवासी बहादरपुर खादर, पारस निवासी सीमली और एक अज्ञात युवक ने उसे घेर लिया। आरोप है कि तीनों ने रामकेश के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।

तहरीर के अनुसार, जब रामकेश ने मारपीट का कारण पूछा तो रितिक ने देशी तमंचे से उस पर गोली चला दी। गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इसी बीच तीनों आरोपी वहां से फरार हो गए। परिजन घायल रामकेश को तत्काल लक्सर के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।

दो नामजद समेत तीन के खिलाफ मुकदमा
कोतवाली प्रभारी प्रवीण कोश्यारी ने बताया कि सुमित कुमार की तहरीर के आधार पर रितिक, पारस और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

Related Articles

Back to top button