महाराजा अग्रसेन शोभायात्रा में उमड़ा वैश्य समाज, आठ साल का रिकॉर्ड टूटा
बैंड-बाजों और आकर्षक झांकियों के साथ निकली भव्य शोभायात्रा, जनप्रतिनिधियों और समाज के लोगों ने की शिरकत

कलयुग दर्शन (24×7)
हैदर अंसारी (सहारनपुर जिला प्रभारी)
सहारनपुर। महाराजा अग्रसेन जयंती के पावन अवसर पर वैश्य अग्रवाल सभा समन्वय समिति (रजि.), सहारनपुर की ओर से भव्य एवं विशाल शोभायात्रा का आयोजन किया गया। इस वर्ष शोभायात्रा में वैश्य समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजकों के अनुसार, इस बार पिछले आठ वर्षों के रिकॉर्ड को तोड़ते हुए सबसे अधिक संख्या में समाज के लोगों की भागीदारी रही। महाराजा अग्रसेन जयंती को लेकर अग्रवाल समाज में विशेष उत्साह देखने को मिला। शोभायात्रा बैंड-बाजों और ‘जय महाराजा अग्रसेन’ के गगनभेदी जयघोष के साथ शहर के प्रमुख बाजारों से होकर गुजरी। जगह-जगह लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया। इसके बाद शोभायात्रा अग्रवाल धर्मशाला पहुंचकर संपन्न हुई। धर्मशाला पहुंचने पर सभा के पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया। शोभायात्रा में शामिल आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। इन झांकियों के माध्यम से महाराजा अग्रसेन के जीवन चरित्र, उनके आदर्शों, समाजवाद, समानता और सामाजिक एकता के संदेश को दर्शाया गया। बैंड-बाजों और डीजे की धुनों के बीच निकली शोभायात्रा से शहर का वातावरण उत्सवमय हो गया।

समाज के लोगों ने महाराजा अग्रसेन के आदर्शों को अपनाने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर पूर्व राज्य मंत्री संजय गर्ग, नकुड़ अध्यक्ष शिवकुमार गुप्ता, देवबंद अध्यक्ष विपिन गर्ग, महापौर डॉ. अजय सिंह, नगर विधायक राजीव गुंबर, डिप्टी मेयर मयंक गर्ग, महानगर अध्यक्ष शीतल विश्नोई गोयल, पूर्व महानगर अध्यक्ष राकेश जैन और रामलीला कमेटी के प्रधान नवीन जिंदल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समन्वय समिति से सुनील गुप्ता, पंकज गुप्ता, महावीर गुप्ता, कपिल कंसल और अमित सिंघल सहित अन्य पदाधिकारियों ने आयोजन में सहभागिता की। संरक्षक राजीव कुमार गोयल, युवा अग्रवाल सभा से शुभम गोयल, नीरज गुप्ता, दीपक गुप्ता, सचिन गर्ग, गौरव गुप्ता, विभोर जिंदल, शिवा गोयल, विवेक गोयल, वैभव गुप्ता, विभु गोयल, पुण्य गर्ग और मनोज गोयल भी मौजूद रहे। मातृशक्ति की ओर से कुसुम अग्रवाल, संगीता गोयल, ममता सिंगल, श्रुति सिंघल, नीतुल गुप्ता, रीना गोयल और आरती गुप्ता सहित बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। शोभायात्रा में समाज के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और नागरिकों की भारी भागीदारी ने आयोजन को भव्य बना दिया।



