उत्तर प्रदेश

बिना लाइसेंस मीट बेचने वाले सात विक्रेता गिरफ्तार

नवरात्रि और मां शाकुंभरी देवी मेले के मद्देनजर चिलकाना पुलिस की कार्रवाई

कलयुग दर्शन (24×7)

हैदर अंसारी (सहारनपुर जिला प्रभारी)

सहारनपुर। आगामी नवरात्रि पर्व एवं मां शाकुंभरी देवी मेले के दृष्टिगत चिलकाना पुलिस ने बिना लाइसेंस और अनुमति के मुर्गे के मीट की बिक्री करने वाले सात विक्रेताओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 272 के तहत दो मुकदमे दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिलेभर में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के साथ बिना लाइसेंस मीट बेचने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी अक्षय शर्मा के नेतृत्व में चिलकाना थाना क्षेत्र में अलग-अलग पुलिस टीमों ने चेकिंग अभियान चलाया।

अभियान के दौरान पुलिस ने सात विक्रेताओं को बिना लाइसेंस और अनुमति के दुकानों पर मुर्गे का मीट काटकर बेचते हुए पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, दुकानों से निकलने वाली मीट की गंदगी खुले में सड़क पर फेंकी जा रही थी, जिससे आसपास के क्षेत्र में गंदगी फैलने और संक्रमण की आशंका बनी हुई थी। इसके साथ ही स्थानीय लोगों के बीच शांति व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा संख्या 361/26 और 362/26 दर्ज किए हैं। पुलिस का कहना है कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए अभियान जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button