कुंभ-2027 के लोगो, वेबसाइट और गीत का लोकार्पण
मुख्यमंत्री धामी ने किया शुभारंभ, देश-दुनिया तक पहुंचेगी हरिद्वार कुंभ की पहचान

कलयुग दर्शन (24×7)
मो नदीम (संपादक)
हरिद्वार। हरिद्वार कुंभ मेला-2027 की धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) सभागार में कुंभ के आधिकारिक लोगो, वेबसाइट और गीत का लोकार्पण किया। इन तीनों माध्यमों के जरिए कुंभ की समृद्ध परंपरा को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत करने के साथ श्रद्धालुओं को आयोजन से जुड़ी प्रामाणिक जानकारियां उपलब्ध कराई जाएंगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कुंभ भारत की प्राचीन आध्यात्मिक परंपरा, सनातन संस्कृति और जनआस्था का विराट उत्सव है। हरिद्वार कुंभ का करोड़ों श्रद्धालुओं के लिए विशेष धार्मिक महत्व है। राज्य सरकार कुंभ-2027 के दिव्य एवं भव्य आयोजन के लिए प्रतिबद्ध है। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।

लोगो में दिखेगी हरिद्वार की धार्मिक पहचान
कुंभ के आधिकारिक लोगो में मां गंगा, हर की पैड़ी, धनुष पुल, सूर्योदय, शिव प्रतिमा, साधु-संतों, त्रिशूल, डमरू तथा मां मनसा देवी और मां चंडी देवी की पहाड़ियों को दर्शाया गया है। इन प्रतीकों के माध्यम से हरिद्वार की धार्मिक पहचान और सनातन संस्कृति की समृद्ध विरासत को प्रदर्शित किया गया है। लोगो का उपयोग कुंभ से संबंधित प्रचार सामग्री, प्रकाशनों और डिजिटल मंचों पर किया जाएगा। लोगो तैयार करने के लिए मेला प्रशासन ने प्रदेश के युवाओं और विद्यार्थियों से डिजाइन आमंत्रित किए थे। प्राप्त सैकड़ों प्रविष्टियों में से चयन समिति ने 13 श्रेष्ठ डिजाइनों पर विचार किया। इसके बाद हरिद्वार के जगजीतपुर निवासी मधु शर्मा के डिजाइन का चयन किया गया, जिसके आधार पर कुंभ-2027 के आधिकारिक लोगो को अंतिम रूप दिया गया।

वेबसाइट से मिलेगी आयोजन की जानकारी
समारोह में कुंभ की आधिकारिक वेबसाइट https://haridwarkumbh.uk.gov.in का भी लोकार्पण किया गया। वेबसाइट के माध्यम से श्रद्धालुओं और आगंतुकों को कुंभ से संबंधित प्रामाणिक जानकारियां उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। डिजिटल माध्यम से देश के विभिन्न हिस्सों और विदेशों में रहने वाले श्रद्धालु भी आयोजन से जुड़ी सूचनाएं प्राप्त कर सकेंगे।
‘कुंभ का पर्व आ गया’ गीत जारी
कुंभ के आधिकारिक गीत ‘कुंभ का पर्व आ गया’ का भी लोकार्पण किया गया। ‘साधु और संतों के मन में हर्ष छा गया, कुंभ का पर्व आ गया’ पंक्तियों से शुरू होने वाला यह गीत कुंभ के आगमन, साधु-संतों के उत्साह और श्रद्धालुओं की आस्था को स्वर देता है। हरिद्वार निवासी गायक राघव राजा ने गीत की रचना, गायन और संगीत तैयार किया है। लोगो, वेबसाइट और गीत के माध्यम से कुंभ की पहचान को मजबूत करने तथा इसकी धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रचारित करने की दिशा में कदम उठाया गया है।

मंत्री और अधिकारी रहे मौजूद
लोकार्पण समारोह में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, धन सिंह रावत, सुबोध उनियाल, सौरभ बहुगुणा, खजान दास, भरत सिंह चौधरी, मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा और राम सिंह कैड़ा सहित मेलाधिकारी सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत भुल्लर, महानिदेशक सूचना वंशीधर तिवारी, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार तथा उप मेलाधिकारी आकाश जोशी और मनजीत सिंह सहित मेला एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।



