उत्तराखंड

उत्तराखंड कैबिनेट के 13 प्रस्तावों पर मुहर

अग्निवीरों को भर्ती में मिलेगी अतिरिक्त छूट, हरिद्वार में ईएसआई अस्पताल के लिए 10 एकड़ भूमि और प्राच्य शोध संस्थान की स्थापना को मंजूरी

कलयुग दर्शन (24×7)

मो नदीम (संपादक)

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सोमवार को हरिद्वार में आयोजित उत्तराखंड मंत्रिमंडल की बैठक में विकास और जनहित से जुड़े 13 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में कुंभ मेला-2027 की तैयारियों, स्वास्थ्य सुविधाओं, आवास, पर्यटन, अग्निवीरों को सरकारी नौकरियों में छूट और बाढ़ मैदान परिक्षेत्रण सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर निर्णय लिए गए। बैठक के बाद सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने कैबिनेट के फैसलों की जानकारी दी। कैबिनेट बैठक में हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान में मदन मोहन मालवीय प्राच्य शोध संस्थान की स्थापना को मंजूरी दी गई। संस्थान का संचालन सोसायटी मोड में किया जाएगा। इसके माध्यम से भारतीय योग, ध्यान, ज्योतिष, आध्यात्मिक ज्ञान और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की योजना है। इसके लिए समिति गठित करने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई।

अग्निवीरों को भर्ती में अतिरिक्त छूट
कैबिनेट ने अग्निवीरों को सरकारी नौकरियों में अवसर देने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया। समूह-ग के वर्दीधारी पदों पर पहले से लागू 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण के अतिरिक्त लिखित परीक्षा, शारीरिक परीक्षा और निर्धारित न्यूनतम ऊंचाई में भी छूट देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इस निर्णय से प्रदेश में सरकारी सेवाओं में भर्ती के दौरान पात्र अग्निवीरों को लाभ मिलने का रास्ता साफ होगा।

ईएसआई अस्पताल के लिए मिलेगी 10 एकड़ भूमि
हरिद्वार में ईएसआई अस्पताल की स्थापना के लिए 10 एकड़ भूमि उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को भी कैबिनेट ने मंजूरी दी। इसके अलावा भगवानपुर में सरकारी आवासीय योजना के तहत सड़क संबंधी मानकों में बदलाव करने का निर्णय लिया गया। इन फैसलों से स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और आवासीय योजनाओं के क्रियान्वयन को गति मिलने की उम्मीद है।

बाढ़ मैदान परिक्षेत्रण नियमावली को मंजूरी
बैठक में उत्तराखंड बाढ़ मैदान परिक्षेत्रण अधिनियम-2026 को लागू करने से संबंधित प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई। इसके साथ ही बाढ़ मैदान परिक्षेत्रण नियमावली को भी मंजूरी प्रदान की गई। फायर सर्विस से संबंधित केंद्र के मानकों के अनुरूप प्रदेश में आवश्यक बदलाव करने के प्रस्ताव पर भी निर्णय लिया गया। कैबिनेट ने मुख्यमंत्री राज्य बाल वीरता योजना के तहत उत्तराखंड के वीर बालकों को पुरस्कार देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी। पर्यटन और आयुर्वेद विभाग से संबंधित योग एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के विकास के विषय पर भी निर्णय लिए गए।

विधानसभा सत्र पर मुख्यमंत्री लेंगे निर्णय
आगामी विधानसभा सत्र के आयोजन स्थल और समय के निर्धारण के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अधिकृत किया गया। सत्र गैरसैंण अथवा किसी अन्य स्थान पर आयोजित किए जाने के विकल्प पर विचार किया जा रहा है। सरकार को आगामी विधानसभा सत्र 30 अक्टूबर से पहले आहूत करना है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हरिद्वार में कैबिनेट बैठक आयोजित करने का उद्देश्य जनता से जुड़े फैसले जनता के बीच जाकर लेना है। उन्होंने कहा कि सरकार की निर्णय प्रक्रिया को जनसामान्य के और करीब लाने के लिए सामूहिक रूप से प्रयास किए जा रहे हैं। बैठक में केंद्र सरकार की ओर से उत्तराखंड को दी गई विकास योजनाओं के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार भी व्यक्त किया गया।

हरकी पैड़ी पर मां गंगा की पूजा-अर्चना
कैबिनेट बैठक से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मंत्रिमंडल के सदस्यों ने हरकी पैड़ी पर मां गंगा की विधिवत पूजा-अर्चना कर आरती की। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष की सेवा पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री ने मां गंगा से प्रधानमंत्री के स्वस्थ, सुखमय और दीर्घायु जीवन की कामना की। साथ ही देश की प्रगति, समृद्धि और जनकल्याण के लिए प्रार्थना की। बैठक में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, डॉ. धन सिंह रावत, सुबोध उनियाल, सौरभ बहुगुणा, खजान दास, भरत सिंह चौधरी, मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा और राम सिंह कैड़ा सहित अन्य मंत्री शामिल हुए। इस दौरान मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगौली, डॉ. आर. राजेश कुमार, विनय शंकर पांडे और डॉ. रणवीर सिंह चौहान सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ने प्रदेश के प्रत्येक जिले में कैबिनेट बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया है। इसकी शुरुआत चंपावत जिले से हुई थी। हरिद्वार में आयोजित बैठक इस क्रम की दूसरी बैठक रही।

Related Articles

Back to top button