हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, 18 किलो खुला कुट्टू का आटा नष्ट कराया
बिना लाइसेंस कारोबार और पैकेट पर निर्माण व एक्सपायरी तिथि न होने पर दो कारोबारियों के खिलाफ न्यायालय में वाद दर्ज कराने की तैयारी

कलयुग दर्शन (24×7)
सागर कुमार (सह संपादक)
हरिद्वार। खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार को सिडकुल क्षेत्र के महादेवपुरम और शिवम विहार कॉलोनी, काला गेट में छापेमारी कर खुले कुट्टू के आटे की बिक्री और आपूर्ति के मामलों में कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान विभागीय टीम ने कुट्टू के आटे के दो नमूने लिए और शेष 13 किलो खुले आटे को मौके पर नष्ट कराया। इसके अतिरिक्त, शैलेष प्रोविजन स्टोर से पांच किलो आटा नष्ट कराया गया। महादेव ट्रेडर्स से आठ किलो आटा नष्ट कराया गया। इस प्रकार कुल 13 किलो खुला कुट्टू का आटा नष्ट किया गया। खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पांडेय तथा जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के अनुपालन में सहायक आयुक्त महिमानंद जोशी के नेतृत्व में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन ने गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की। टीम ने सबसे पहले महादेवपुरम सिडकुल स्थित शैलेष प्रोविजन स्टोर का निरीक्षण किया। यहां खुले कुट्टू के आटे का भंडारण और बिक्री की जा रही थी। आटे के बैग पर निर्माण तिथि और एक्सपायरी तिथि अंकित नहीं मिली। विभाग ने आटे का नमूना लेने के बाद शेष पांच किलो आटा मौके पर नष्ट करा दिया। इसी दौरान महादेवपुरम क्षेत्र में ई-रिक्शा चालक हर्षित अवस्थी को प्लास्टिक बैग में करीब 10 किलो खुला कुट्टू का आटा ले जाते हुए पकड़ा गया।

पूछताछ में चालक ने बताया कि ई-रिक्शा के मालिक और आटे के सप्लायर का संबंध शिवम विहार कॉलोनी, काला गेट स्थित महादेव ट्रेडर्स से है, जिसके संचालक पंकज कुमार हैं। इसके बाद टीम ने चालक को साथ लेकर महादेव ट्रेडर्स का निरीक्षण किया। यहां भी कुट्टू के आटे का नमूना लिया गया और शेष आठ किलो खुले आटे को गड्ढे में दबाकर नष्ट कराया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, बिना लाइसेंस कारोबार करने तथा निर्माण एवं एक्सपायरी तिथि के बिना खुले कुट्टू के आटे की बिक्री किए जाने के मामले में शैलेष प्रोविजन स्टोर के संचालक शैलेष कुमार पुत्र राम ईश्वर और महादेव ट्रेडर्स के संचालक पंकज कुमार के विरुद्ध न्यायालय में वाद दायर कराने की कार्रवाई की जा रही है।



