उत्तराखंड

संविदा श्रमिक के बेटे प्रशांत ने NEET-2026 में पाई सफलता

ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज वाराणसी में एमबीबीएस में मिला प्रवेश, मेहनत और लगन से पूरा किया डॉक्टर बनने का सपना

कलयुग दर्शन (24×7)

आशु (संवाददाता)

हरिद्वार। भेल में संविदा श्रमिक के पद पर कार्यरत खूब सिंह के पुत्र प्रशांत कुमार ने नीट-2026 परीक्षा में सफलता हासिल कर परिवार का सपना साकार किया है। नीट की प्रथम चरण की ऑल इंडिया काउंसलिंग के तहत प्रशांत को उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस पाठ्यक्रम में प्रवेश मिला है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है और उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। मूल रूप से ग्राम तिगरी मनकावाला, नगीना, बिजनौर के निवासी खूब सिंह वर्तमान में हरिद्वार की वाटर वर्क्स कॉलोनी, शिवलोक में रहते हैं। प्रशांत बचपन से ही होनहार और मेधावी छात्र रहे हैं। उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा शिक्षा मंदिर तरुण हिमालय कॉलेज, शिवलोक से प्राप्त की। इसके बाद बीएचईएल अनुसूचित जाति इम्प्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से निर्धन परिवारों के बच्चों के लिए निःशुल्क संचालित डॉ. भीमराव अंबेडकर शिक्षा सहभागिता कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित होकर जवाहर नवोदय विद्यालय, रोशनाबाद से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। प्रशांत की माता संगीता गौतम ने बताया कि आर्थिक अभाव के बावजूद उनके बेटे ने नीट प्रवेश परीक्षा की तैयारी स्वयं की और अपनी मेहनत के दम पर सफलता प्राप्त की।

बचपन से ही चिकित्सा के क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देखने वाले प्रशांत ने अपनी उपलब्धि का श्रेय कड़ी मेहनत, परिवार के सहयोग और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर को अपना आदर्श मानने वाले प्रशांत ने कहा कि वह अनुशासन और दृढ़ निश्चय के साथ एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी कर एक कुशल चिकित्सक बनना चाहते हैं। उनका लक्ष्य चिकित्सा के माध्यम से समाज के जरूरतमंद लोगों की सेवा करना है। प्रशांत की सफलता पर प्रशासनिक अधिकारी शिवलाल गौतम, डॉ. शुभम गौतम, प्रतीक्षा, शगुन, अश्विनी देवी, वरिष्ठ अभियंता बृजेश कुमार, अपर अभियंता चंद्रकांत सिंह, सहायक अभियंता सुबोध कुमार, अपर अभियंता मनोज कुमार, अपर अभियंता अंकुर मालिया, कृष्ण कुमार, संगीता गिरी, मनोज शुक्ला, इमरान शाह, मांगेराम, बाबू भाई तिवारी और कपिल सहित अन्य लोगों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Related Articles

Back to top button