डिजिटल माध्यम से होगी जनगणना-2027, फील्ड ट्रेनर्स को दिया प्रशिक्षण
नवंबर 2026 से प्रस्तावित जनसंख्या गणना के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश

कलयुग दर्शन (24×7)
मो नदीम (संपादक)
हरिद्वार। आगामी जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) की तैयारियों के तहत 12, 13 और 14 अक्टूबर को विकास भवन सभागार में फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षित फील्ड ट्रेनर्स आगे प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण देंगे। जनसंख्या गणना का कार्य नवंबर 2026 से प्रस्तावित है। इस बार जनगणना की पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संपन्न की जाएगी। प्रगणक एवं पर्यवेक्षक मोबाइल फोन के माध्यम से आंकड़े एकत्र करेंगे, जबकि निगरानी के लिए सीएमएमएस पोर्टल का उपयोग किया जाएगा। 14 अक्टूबर को आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना कार्य निदेशालय की निदेशक एवं मुख्य प्रमुख जनगणना अधिकारी इवा आशीष श्रीवास्तव ने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं, नीतियों और भविष्य की आवश्यकताओं के निर्धारण का महत्वपूर्ण आधार है। इसलिए इस कार्य से जुड़े सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यम से होने वाली जनगणना में आंकड़ों की शुद्धता और समयबद्ध संकलन बेहद महत्वपूर्ण है। सभी तैयारियां समय से पूरी करने के साथ ही प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को आवश्यक प्रशिक्षण और तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने नियमित निगरानी और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया।

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने आश्वस्त किया कि जनगणना कार्य निदेशालय की ओर से दिए गए दिशा-निर्देशों का गंभीरता से पालन कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनपद में जनगणना कार्य को निर्धारित समयसीमा में सटीकता और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला पंचायतीराज अधिकारी एवं मास्टर ट्रेनर मोहम्मद मुस्तफा खान, अपर सांख्यिकी अधिकारी एवं जनगणना प्रभारी उत्तम सिंह, अपर सांख्यिकी अधिकारी मीना नेगी, सांख्यिकी अन्वेषक ग्रेड-2 अमीर आलम, नीरज कुमार और शिवम कुमार सहित जनगणना कार्य निदेशालय देहरादून के प्रतिनिधि एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



