कभी निष्फल नहीं जाती मां भगवती की आराधना: स्वामी कैलाशानंद गिरी

कलयुग दर्शन (24×7)
राकेश वालिया (ब्यूरो चीफ)
हरिद्वार। निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज के संयोजन में श्री दक्षिण काली मंदिर में आयोजित नवरात्र महोत्सव के दौरान प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु मां दक्षिण काली के दर्शन पूजन करने के लिए पहुंच रहे हैं। चौथे नवरात्र पर श्रद्धालु भक्तों को आशीर्वचन प्रदान करते हुए स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज ने कहा कि भक्तों के समस्त संकटों को दूर कर सुख समृद्धि प्रदान करने वाली मां भगवती की आराधना की निष्फल नहीं जाती है। उन्होंने कहा कि नवरात्र केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि शक्ति स्वरूपा मां भगवती की कृपा और सानिध्य प्राप्त करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि नवरात्रों में प्रतिदिन नियम पूर्वक मां भगवती की आराधना करने वाले भक्तों के सभी संकट दूर हो जाते हैं। सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं।

नकारात्मकता दूर होती और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने कहा कि देवी स्वरूपा कन्याओं के संरक्षण संवर्द्धन का संकल्प और उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना ही नवरात्र साधना की पूर्णता है। इसलिए सभी को कन्याओं की रक्षा और उन्हें शिक्षा प्राप्त कर उन्नति के अवसर प्रदान करने के लिए भी तत्पर रहना चाहिए। आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज के परम् शिष्य स्वामी अवंतिकानंद ब्रह्मचारी ने बताया कि नवरात्रों में मां दक्षिण काली के दर्शन करने वालों का मंदिर में तांता लगा हुआ है। मां के सभी स्वरूपों की पूजा अर्चना करने से भक्तों का जीवन बदल जाता है।



