भ्रष्टाचार के आरोपों में दो उपनिरीक्षकों पर मुकदमा दर्ज
विभागीय जांच में आरोपों की पुष्टि के बाद कार्रवाई, एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर हुई जांच

कलयुग दर्शन (24×7)
सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत हरिद्वार पुलिस ने दो उपनिरीक्षकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। विभागीय जांच में भ्रष्टाचार से जुड़े आरोपों की पुष्टि होने के बाद कोतवाली गंगनहर में दोनों उपनिरीक्षकों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा अपराध संख्या 421/2026 दर्ज किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देश पर मामले की जांच एसपी देहात के नेतृत्व में कराई गई। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और आरोपों की पुष्टि के आधार पर दोनों उपनिरीक्षकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई।

हरिद्वार पुलिस ने इस कार्रवाई के माध्यम से स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या पक्षपात बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस प्रशासन ने पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



