विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज, डीएम मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को दिए निर्देश
बूथों का सत्यापन दो दिन में पूरा करने, लाइसेंसी शस्त्र जमा कराने और अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश

कलयुग दर्शन (24×7)
मो नदीम (संपादक)
हरिद्वार। वर्ष 2027 में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने उपजिलाधिकारियों तथा खंड विकास अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्वाचन संबंधी तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने जनपद में लाइसेंसी शस्त्रों का सत्यापन कर नियमानुसार जमा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने दुकानदारों एवं बैंकों में तैनात सुरक्षा गार्डों के शस्त्रों के संबंध में भी नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। इसके साथ ही सभी विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों एवं बूथों का सत्यापन कर सूची दो दिन के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सहायक रिटर्निंग अधिकारियों (एआरओ) तथा जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती से संबंधित सूची तैयार करने और सभी उपजिलाधिकारियों को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करने को कहा। जिलाधिकारी ने निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं बिक्री पर प्रभावी निगरानी रखने और नियमित कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी की जाएं। संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया जा सके।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ, सिटी मजिस्ट्रेट हरगिरी, उपजिलाधिकारी हरिद्वार योगेश मेहरा, उपजिलाधिकारी भगवानपुर देवेंद्र सिंह नेगी, एसएलओ आकाश जोशी, जिला आबकारी अधिकारी कैलाश बिनजोला, सहायक निर्वाचन अधिकारी अरुणेश पैन्यूली, खंड विकास अधिकारी लक्सर परवीन भट्ट, खंड विकास अधिकारी रुड़की सुमन कोटियाल, खंड विकास अधिकारी खानपुर आलोक गार्गेय, पवन सैनी, तहसीलदार लक्सर दीवान सिंह राणा तथा तहसीलदार रुड़की विकास अवस्थी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



