लालजीवाला पार्किंग में बसों पर कार्रवाई, 20 के चालान और 3 सीज

कलयुग दर्शन (24×7)
सागर कुमार (सह संपादक)
हरिद्वार। यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस ने लालजीवाला पार्किंग में बसों के खिलाफ संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया। अभियान में अब तक 20 बसों के चालान किए गए हैं, जबकि 3 बसों को सीज किया गया है। इसके अलावा 10 बसों की फिटनेस निरस्त करने की संस्तुति की गई है। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान बसों की तकनीकी स्थिति, फिटनेस, आवश्यक दस्तावेजों और परमिट शर्तों की जांच की जा रही है। संभागीय निरीक्षक (प्राविधिक) द्वारा बसों का तकनीकी परीक्षण भी किया जा रहा है, ताकि यात्रियों की सुरक्षा से जुड़ी खामियों का पता लगाकर नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।

संयुक्त अभियान में एआरटीओ (प्रशासन) निखिल शर्मा, एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा, यातायात निरीक्षक संदीप नेगी, संभागीय निरीक्षक (प्राविधिक) आनंद वर्धन तथा परिवहन कर अधिकारी मुकेश भारती शामिल हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बसों के संचालन में सुरक्षा मानकों और आवश्यक नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लालजीवाला पार्किंग में चेकिंग अभियान जारी है और जांच के दौरान अनियमितताएं मिलने पर आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।



