जिला प्रेस क्लब ने की पत्रकार सुरक्षा का आयोग गठित करने की मांग
पत्रकारों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराए सरकार: राकेश वालिया

कलयुग दर्शन (24×7)
राकेश वालिया (ब्यूरो चीफ)
हरिद्वार। मध्य हरिद्वार स्थित रेस्टोरेंट में आयोजित जिला प्रेस क्लब हरिद्वार (रजि.) की बैठक में पत्रकारों की सुरक्षा, अधिकारों और हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री से पत्रकार सुरक्षा आयोग के गठन की मांग दोहराई गई। जिला प्रेस क्लब अध्यक्ष राकेश वालिया ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। तमाम चुनौतियों के बीच समाज की समस्याओं को सामने लाने और जनता की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य करते हैं। इसके बावजूद समाचार संकलन और कवरेज के दौरान पत्रकारों के साथ मारपीट, अभद्रता और उत्पीड़न की घटनाएं चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को निर्भीक होकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाना चाहिए। इसके लिए पत्रकार सुरक्षा आयोग का गठन बेहद जरूरी है। जिला प्रेस क्लब के महामंत्री अनिल बिष्ट और कोषाध्यक्ष मनोज कश्यप ने कहा कि पत्रकारों के साथ होने वाली हिंसा और उत्पीड़न की घटनाओं को किसी भी सूरत में नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।

पत्रकार समाज के हित में काम करते हुए जनसमस्याओं और महत्वपूर्ण मुद्दों को उजागर करते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। पत्रकार सुरक्षा आयोग के गठन से पत्रकारों के उत्पीड़न, सुरक्षा संबंधी समस्याओं और उनके अधिकारों से जुड़े मामलों के समाधान के लिए एक प्रभावी संस्थागत व्यवस्था विकसित की जा सकती है। बैठक में अशोक पांडे, मोहन राजा, मुमताज आलम खान, नदीम सलमानी, सनोज कश्यप, राकेश वर्मा, सुमित वर्मा, विजय बंसल, सर्विन्द्र कुमार, उपासना तेश्वर, कमल शर्मा, इंद्र शर्मा, शिप्रा अग्रवाल, प्रखर कश्यप सहित जिला प्रेस क्लब के कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।



