उत्तराखंड

विधायक उमेश कुमार ने इस्तीफे का किया ऐलान, नया विपक्षी दल बनाने की तैयारी

कलयुग दर्शन (24×7)

दीपक झा (संवाददाता)

हरिद्वार। उत्तराखंड विधानसभा के दो दिवसीय सत्र के पहले दिन खानपुर से निर्दलीय विधायक उमेश कुमार ने विधानसभा सदस्यता से इस्तीफा देने की घोषणा कर प्रदेश की राजनीति में हलचल मचा दी। उन्होंने कहा कि वह बुधवार को विधानसभा अध्यक्ष को अपना इस्तीफा सौंपेंगे। पत्रकारों से बातचीत में उमेश कुमार ने कहा कि वह बेहद दुखी और व्यथित हैं। हरिद्वार में किसानों की फसलें बर्बाद हुईं, लेकिन इस मुद्दे पर विपक्ष ने उनका साथ नहीं दिया। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों से वह भ्रष्टाचार, जनहित और किसानों के मुद्दों पर विपक्ष के सहयोग की उम्मीद कर रहे थे, लेकिन उन्हें निराशा हाथ लगी।

उमेश कुमार ने कहा कि जब जनता की आवाज उठाने में सहयोग नहीं मिल रहा है तो विधायक बने रहने का कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह न कांग्रेस में जाएंगे और न ही भाजपा में शामिल होंगे। उन्होंने आगे कहा कि उनका उद्देश्य सदन में हरिद्वार की जनता की आवाज उठाने वाले प्रतिनिधियों की संख्या बढ़ाना है। इसके लिए वह नया विपक्षी दल बनाने का प्रयास करेंगे और उत्तराखंड में आठ से दस विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की रणनीति पर विचार कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button