दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, 8 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच को भेजे

कलयुग दर्शन (24×7)
आशु (संवाददाता)
हरिद्वार। आगामी दीपावली पर्व के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने और खाद्य गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने सोमवार को हरिद्वार नगर निगम और तहसील क्षेत्र में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पांडे और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन महिमानंद जोशी के नेतृत्व में बेकरी, मिठाई की दुकानों, रेस्टोरेंट और खाद्य निर्माण इकाइयों का औचक निरीक्षण किया गया। अभियान के दौरान कुल आठ खाद्य पदार्थों के विधिक नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। सहायक आयुक्त महिमानंद जोशी और वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन ने सुभाषगढ़ व दीनारपुर स्थित पनीर एवं मिठाई निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया। इस दौरान खुली मिठाइयों के तीन और खुले पनीर का एक नमूना लिया गया। मिठाई निर्माण इकाई में स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी प्रावधानों का संतोषजनक पालन पाया गया। हालांकि, अधिकारियों ने खिड़कियों पर नेट स्क्रीन लगाने, निर्माण स्थल की रंगाई-पुताई कराने, कंटेनरों की सफाई और स्वच्छता व्यवस्था बेहतर रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पनीर निर्माण में एनालॉग पनीर का इस्तेमाल होता नहीं पाया गया। अधिकारियों के अनुसार, इकाई में शुद्ध दूध से पनीर बनाया जा रहा था तथा मौके पर स्किम्ड मिल्क पाउडर और फॉरेन फैट से संबंधित कोई हानिकारक पदार्थ या केमिकल नहीं मिला।

वहीं, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चंद्र टम्टा के नेतृत्व में शिवमूर्ति चौक, रेलवे रोड, रानीपुर मोड़, गोविंदपुरी, आर्य नगर और ज्वालापुर सहित विभिन्न क्षेत्रों में बेकरी, मिठाई की दुकानों और रेस्टोरेंटों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान मिठाइयों और बेकरी उत्पादों पर निर्माण तिथि तथा उपयोग की अंतिम तिथि अंकित होने की जांच की गई। अधिकांश प्रतिष्ठानों पर निर्धारित विवरण अंकित मिले, जबकि कुछ दुकानों पर जानकारी दर्ज नहीं होने के कारण संबंधित कारोबारियों को नोटिस जारी किए गए। अभियान के दौरान कनखल की एक मिठाई की दुकान से शिकायत के आधार पर लड्डू, रेलवे रोड स्थित एक रेस्टोरेंट से टोफू, शिवमूर्ति चौक स्थित बेकरी से कुल्चा और पाव तथा ज्वालापुर के एक थोक प्रतिष्ठान से पान मसाला का नमूना भी लिया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि दीपावली के दौरान मिलावट और खाद्य गुणवत्ता से जुड़ी अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



