आईआईटी रुड़की के गोविंद भवन में छात्र ने फांसी लगाकर दी जान

कलयुग दर्शन (24×7)
सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)
रुड़की। आईआईटी रुड़की के गोविंद भवन में एक छात्र का शव कमरे में फंदे से लटका मिलने से परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही रुड़की पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस के अनुसार, आईआईटी के सुरक्षा अधिकारी कुलदीप सिंह नेगी ने देर रात कोतवाली पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस टीम गोविंद भवन की दूसरी मंजिल स्थित कमरा नंबर बीएस-10 में पहुंची। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी प्रयास के बाद सुरक्षा गार्डों की मदद से दरवाजा खुलवाया गया। कमरे के अंदर छात्र चादर के फंदे से पंखे पर लटका मिला। मृतक की पहचान आयुष रजौरिया (20) पुत्र शैलेश रजौरिया, निवासी राजनगर एक्सटेंशन, गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई।

आईआईटी अस्पताल के चिकित्सक डॉ. मयंक शर्मा ने छात्र का परीक्षण किया और मृत्यु करीब पांच से छह घंटे पहले होने की जानकारी दी। सूचना पर क्षेत्राधिकारी भगवानपुर सुमित पाण्डेय भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फील्ड यूनिट ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने लैपटॉप की भी जांच की। पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल रुड़की भिजवा दिया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। उनके पहुंचने पर पंचायतनामा की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है।



