उत्तराखंड

जनगणना-2027: 16 नवंबर से शुरू होगी स्वगणना, हरिद्वार में 30 हजार नागरिकों की सहभागिता का लक्ष्य

कलयुग दर्शन (24×7)

मो नदीम (संपादक)

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में तैयारियां पूरी करने और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि 16 से 30 नवंबर 2026 तक स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की प्रक्रिया संचालित की जाएगी। इसके तहत नागरिक अपने परिवार से संबंधित 40 प्रश्नों के उत्तर स्वयं ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। प्रथम चरण में जनपद के करीब 9 हजार नागरिकों ने स्वगणना में भाग लिया था, जबकि इस बार 30 हजार से अधिक नागरिकों की सहभागिता का लक्ष्य रखा गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि स्वगणना से जनगणना की प्रक्रिया आसान और तेज होगी। इससे प्रगणकों को घर-घर जाकर जानकारी जुटाने में लगने वाला समय बचेगा और उन्हें पहले से दर्ज जानकारी का सत्यापन करना होगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे 16 से 30 नवंबर के बीच स्वगणना अवश्य करें और परिवार, मित्रों तथा पड़ोसियों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

स्वगणना के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए सरकारी कार्यालयों, पुलिस थानों, तहसीलों, अस्पतालों, बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर बैनर एवं होर्डिंग लगाए जाएंगे। विद्यालयों और महाविद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सोशल मीडिया, व्हाट्सएप, लाउडस्पीकर और सिनेमा हॉल के माध्यम से भी प्रचार-प्रसार किया जाएगा। बैठक में मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता, जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार पंत, डीपीआरओ अतुल प्रताप सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) अभिषेक शुक्ला, तहसीलदार सचिन कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।

Related Articles

Back to top button