सनातन धर्म को बदनाम करने वालों के प्रति संत समाज को एकजुट होना होगा: स्वामी भास्करानंद सरस्वती

कलयुग दर्शन (24×7)
अमित वालिया (संवाददाता)
हरिद्वार। भूपतवाला स्थित अखंड दया धाम के परमाध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी भास्करानंद सरस्वती ने कहा कि संतों पर अजीबोगरीब आरोप लगाकर बदनाम करने और सनातन धर्म को नष्ट करने की साजिश की जा रही है। जिसका समस्त संत समुदाय को एकजुट होकर विरोधा करना चाहिए। स्वामी भास्करानंद सरस्वती ने कहा कि कुछ शरारती तत्व संत का चोला पहनाकर वरिष्ठ संतों पर अनर्गल आरोप लगाकर सनातन धर्म पर सीधा प्रहार कर रहे हैं। राजनीतिक दल से जुड़े प्रतिनिधि ऐसे लोगों को समर्थन भी दे रहे हैं। स्वामी भास्करानंद सरस्वती ने कहा कि सनातन धर्म को बदनाम करने वालों को सबक सिखाने का समय आ गया है।

इसके लिए पूरे देश के संत समुदाय को एकजुट होकर एक मंच पर आकर सनातन धर्म एवं हिंदू संस्कृति को बदनाम करने वालों के खिलाफ आवाज उठानी होगी। उन्होंने कहा कि इसमें अखाड़ों को प्रमुख भूमिका निभानी होगी। अखाड़े सभी संतों को एकजुट करें और संत का चोला पहनकर संतों को ही बदनाम कर रहे शरारती तत्वों पर कार्रवाई की रूपरेखा तैयार करें। साथ ही सनातन धर्म के अनुयायियों को भी भगवा चोला पहनने वाले किसी भी तथाकथित संत के बहकावे में ना आने के प्रति जागरूक किया जाए।



