उत्तराखंड

रवि बहादुर के मुखर रुख से ज्वालापुर में उत्साह, गैरसैंण सत्र के बाद हुआ भव्य स्वागत

कलयुग दर्शन (24×7)

सागर कुमार (सह संपादक)

हरिद्वार। गैरसैंण में आयोजित विधानसभा सत्र के दौरान ज्वालापुर के विधायक इंजीनियर रवि बहादुर ने जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया। सत्र में उनकी सक्रियता और मुखर भूमिका के बाद हरिद्वार, विशेषकर ज्वालापुर क्षेत्र में उनके समर्थन में लोगों का उत्साह देखने को मिला। स्थानीय जनता ने उनका भव्य स्वागत एवं सम्मान किया, जिससे क्षेत्र में राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है। अपने संबोधन में विधायक रवि बहादुर ने कहा कि गैरसैंण विधानसभा सत्र में उन्होंने क्षेत्र की जनता की समस्याओं को मजबूती के साथ सदन में उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लगातार जनहित के मुद्दों की अनदेखी कर रही है और विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज सर्वोपरि होती है और इसे किसी भी स्थिति में दबाया नहीं जा सकता।

विधायक ने आगे कहा कि ज्वालापुर सहित पूरे हरिद्वार क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं और विकास कार्यों से जुड़ी कई समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं, लेकिन सरकार इन पर अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह आगे भी जनता के मुद्दों को सदन से लेकर सड़क तक पूरी मजबूती के साथ उठाते रहेंगे। ज्वालापुर में आयोजित स्वागत समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, समर्थक और कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान लोगों ने विधायक को फूलमालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया और उनके प्रयासों के प्रति समर्थन व्यक्त किया। उपस्थित लोगों ने विधायक के साहसिक रुख और जनहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की। इस अवसर पर विधायक ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का यह समर्थन उन्हें और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है।

Related Articles

Back to top button