उत्तराखंड

फर्जी वीडियो से विधायक उमेश कुमार को बदनाम करने का आरोप, फेसबुक पेज संचालक पर मुकदमा दर्ज

कलयुग दर्शन (24×7)

नरेश मित्तल (संवाददाता)

हरिद्वार। खानपुर विधायक उमेश कुमार की छवि धूमिल करने के आरोप में सोशल मीडिया पर फर्जी और भ्रामक वीडियो प्रसारित करने का मामला सामने आया है। विधायक प्रतिनिधि दीपक कुमार की ओर से कोतवाली लक्सर में तहरीर देकर आरोप लगाया गया कि 27 अप्रैल को एक फेसबुक पेज के जरिए विधायक उमेश कुमार के खिलाफ कूटरचित वीडियो और झूठी खबरें प्रसारित की गईं। तहरीर में कहा गया कि वीडियो में वर्ष 2018 के एक कथित दुष्कर्म मामले को विधायक उमेश कुमार से जोड़ते हुए यह दावा किया गया कि मामला दिल्ली उच्च न्यायालय में लंबित है। जबकि ऐसा कोई मुकदमा देश के किसी भी न्यायालय में विचाराधीन नहीं है।

आरोप है कि इस तरह की भ्रामक सामग्री प्रसारित कर विधायक की सामाजिक और राजनीतिक छवि खराब करने के साथ जनता को गुमराह करने का प्रयास किया गया। विधायक प्रतिनिधि दीपक कुमार ने इसे सुनियोजित षड्यंत्र बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।वरिष्ठ उप निरीक्षक लक्सर कोतवाली नितिन चौहान ने बताया कि विधायक प्रतिनिधि द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर फेसबुक संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सोशल मीडिया पर प्रसारित सामग्री की सत्यता के साथ संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका खंगाली जा रही है।

Related Articles

Back to top button