रवि हत्याकांड में मुख्य साजिशकर्ता गिरफ्तार

कलयुग दर्शन (24×7)
सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में हुए चर्चित रवि हत्याकांड का पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए मुख्य साजिशकर्ता को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पंकज शर्मा उम्र 37 वर्ष निवासी सीतापुर के रूप में हुई है, जिसने पारिवारिक जमीन विवाद के चलते अपने ही रिश्तेदार की हत्या की साजिश रची थी। पुलिस जांच में सामने आया कि पंकज शर्मा ने अपने ससुर के भाई रवि चौहान (44 वर्ष) की हत्या के लिए डेढ़ लाख रुपये की सुपारी दी थी। इस हत्या को अंजाम देने वाले कॉन्ट्रैक्ट किलर दानिश अली और नदीम को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं, इस साजिश में शामिल पंकज का भांजा गौतम अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। 17 अप्रैल को मृतक की पत्नी दिव्या चौहान ने ज्वालापुर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके पति अचानक घर से लापता हो गए हैं। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की, लेकिन 19 अप्रैल को रवि चौहान का शव पथरी पावर हाउस में बरामद हुआ था।

शव मिलने के बाद मामला हत्या में बदल गया। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई और जांच एसएसआई हर्ष अरोड़ा को सौंपी गई। जांच में खुलासा हुआ कि रवि चौहान को उनके भाई ने जमीन तोहफे में दी थी। इसी बात को लेकर पंकज शर्मा नाराज था। विवाद इतना बढ़ा कि उसने अपने भांजे गौतम के साथ मिलकर रवि को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली। दोनों ने दानिश अली और नदीम को 1.5 लाख रुपये में सुपारी दी, जिसमें 40 हजार रुपये पहले और 1.10 लाख रुपये हत्या के बाद दिए गए। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को नहर में फेंक दिया था। कॉन्ट्रैक्ट किलरों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को पंकज और गौतम के बारे में अहम सुराग मिले। इसके बाद 2 मई को मुखबिर की सूचना पर पंकज शर्मा को सिडकुल क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ विधिक कार्यवाही करते हुए उसका चालान कर दिया है। फरार आरोपित की तलाश की जा रही है।



