संदिग्ध हालात में लापता किशोर की हत्या, नहर से मिला शव; आरोपी महिला हिरासत में

कलयुग दर्शन (24×7)
हैदर अंसारी (सहारनपुर जिला प्रभारी)
सहारनपुर। कोतवाली नगर क्षेत्र से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता 14 वर्षीय अंशुमन का शव रविवार सुबह पूर्वी यमुना नहर से बरामद कर लिया गया। बच्चे का शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, केशव नगर (नुमाइश कैंप) निवासी अंशुमन पुत्र बालकृष्ण शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे घर से बाजार जाने के लिए निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद परिजनों ने कोतवाली नगर थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।मामले में क्षेत्रीय पार्षद राहुल झाम्ब के अनुसार, संदेह के आधार पर पड़ोस में रहने वाली एक महिला से पुलिस ने पूछताछ की।

पूछताछ के दौरान महिला ने बच्चे को बेहोश कर पूर्वी यमुना नहर में फेंकने की बात स्वीकार की। इसके बाद कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार पुलिस टीम के साथ महिला को घटनास्थल पर लेकर पहुंचे और गोताखोरों की मदद से नहर में कई घंटों तक तलाश अभियान चलाया गया। रविवार सुबह करीब 6 बजे अंबाला रोड स्थित पूर्वी यमुना नहर से बच्चे का शव बरामद हुआ। परिजनों द्वारा शव की पहचान की गई। बेटे का शव देखते ही परिजन बिलख पड़े। जैसे ही घटना की सूचना केशव नगर पहुंची, पूरे मोहल्ले में मातम पसर गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी महिला को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



