शिव आराधना से दूर होते हैं समस्त कष्ट और संकट: स्वामी कैलाशानंद गिरी

कलयुग दर्शन (24×7)
राकेश वालिया (संवाददाता)
हरिद्वार। निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज ने कहा कि महादेव शिव की आराधना से असंभव भी सहज ही संभव हो जाता है। भगवान शिव की कृपा के लिए कोई विशेष प्रयास नहीं करने पड़ते। केवल स्मरण मात्र से ही शिव प्रकट होकर अपने भक्तों की समस्त इच्छाएं पूर्ण कर देते हैं। शिव आराधना से बड़े से बड़े कष्ट और संकट भी दूर हो जाते हैं और सौभाग्य की प्राप्ति होती है। श्री दक्षिण काली मंदिर में आयोजित विशेष धार्मिक अनुष्ठान के दौरान श्रद्धालु भक्तों को संबोधित करते हुए स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज ने कहा कि समस्त सृष्टि देवों के देव महादेव भगवान शिव से उत्पन्न होती है और उनमें ही समाहित हो जाती है। संसार के कल्याण के लिए हलाहल विष को कंठ में धारण करने वाले भगवान शिव भक्तों का हमेशा कल्याण करते हैं। भगवान की शिव की कृपा पात्र करना बेहद सरल है।

प्रतिदिन शिवलिंग पर जलाभिषेक करने से ही महादेव प्रसन्न हो जाते हैं। महादेव की आराधना से अन्य देवी देवताओं का आशीर्वाद और कृपा भी साधक को प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि शिव कृपा के प्रभाव से सभी बिगड़े काम संवर जाते हैं। प्रत्येक कार्य सफल होता है। परिवार में सुख समृद्धि का वास होता है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को भगवान शिव की आराधना अवश्य करनी चाहिए। इस अवसर पर स्वामी अवंतिकानंद ब्रह्मचारी, बालमुकुंदानंद ब्रह्मचारी, आचार्य पवनदत्त मिश्र सहित कई श्रद्धालु भक्त मौजूद रहे। स्वामी अवंतिकानंद ब्रह्मचारी ने बताया कि विश्व शांति हेतु श्री दक्षिण काली मंदिर में 5 से 30 मई तक विशेष धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं।



