हरेला पर्व पर हरिद्वार में 30 हजार पौधारोपण का लक्ष्य, 16 जुलाई से शुरू होगा वृहद अभियान

कलयुग दर्शन (24×7)
दीपक कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। हरेला पर्व के अवसर पर 16 जुलाई को हरिद्वार जनपद में 30 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया गया है। अभियान की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जिला कार्यालय सभागार में बैठक आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता प्रभागीय वनाधिकारी स्वप्निल अनिरुद्ध ने की। डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध ने बताया कि पौधारोपण के साथ एक माह तक पौधों की देखरेख और उनकी जीवितता सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। जनप्रतिनिधियों, विद्यालयों, स्वयंसेवी संस्थाओं, स्वयं सहायता समूहों और आम नागरिकों की भागीदारी से अभियान संचालित होगा। “एक परिवार-दो पौधे” अभियान के माध्यम से लोगों को पौधारोपण के लिए प्रेरित किया जाएगा।

बैठक में पौधारोपण स्थलों की जियो-टैगिंग, गड्ढों की खुदाई, सिंचाई, ट्री-गार्ड और अन्य व्यवस्थाएं 10 जुलाई तक पूरी करने के निर्देश दिए गए। मुख्य कार्यक्रम रोशनाबाद, गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के सामने प्रस्तावित पथ वृक्षारोपण स्थल, नगर वन सहित विभिन्न स्थानों पर आयोजित होगा। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव गुप्ता, परियोजना निदेशक नलिनीत घिल्डियाल, जिला शिक्षा अधिकारी (प्राथमिक) अमित कुमार चंद, एसडीओ वन विभाग पूनम कैंथोला, उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, अधिशासी अभियंता सिंचाई ओमजी गुप्ता, अधिशासी अभियंता जल संस्थान विपिन चौहान, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



