एक मतदाता के नाम पर कई वोट मिलने पर उठे सवाल, निर्वाचन बैठक में दर्ज कराई आपत्ति

कलयुग दर्शन (24×7)
हैदर अंसारी (सहारनपुर जिला प्रभारी)
सहारनपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में बूथ समीक्षा के संबंध में जिला निर्वाचन विभाग द्वारा आयोजित बैठक में विधानसभा-03 सहारनपुर नगर की मतदाता सूची में एक ही व्यक्ति के नाम पर दो, तीन और यहां तक कि पांच से अधिक वोट दर्ज होने का मामला उठाया गया। बैठक में विधानसभा प्रभारी एवं पार्षद अभिषेक ‘टिंकू’ अरोड़ा तथा महानगर अध्यक्ष हाजी नवाब अंसारी ने इस संबंध में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के समक्ष औपचारिक आपत्ति दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद भी मतदाता सूची में कई नामों का सत्यापन पूर्ण रूप से नहीं हो पाया है, जिसके कारण एक ही मतदाता के नाम पर कई स्थानों पर वोट दर्ज हैं।

उन्होंने संबंधित प्रमाण भी अधिकारियों को सौंपे और मतदाता सूची में शीघ्र संशोधन कराने की मांग की। इस पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ने आश्वासन दिया कि ऐसे मामलों में आपत्तियां दर्ज कर नियमानुसार जांच कराई जाएगी तथा पात्र मामलों में आवश्यक संशोधन की कार्रवाई की जाएगी। बैठक में विपिन जैन ने भी विधानसभा-03 सहारनपुर नगर की बूथवार मतदाता सूची से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर अपनी बात रखी और अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।



