उत्तराखंड

राज्य किसान आयोग के उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह नामधारी ने की समीक्षा बैठक

कलयुग दर्शन (24×7)

राकेश वालिया (संवाददाता)

हरिद्वार। उत्तराखंड राज्य किसान आयोग की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक विकास भवन, रोशनाबाद में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उत्तराखंड राज्य किसान आयोग के उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह नामधारी ने की। बैठक में हरिद्वार जनपद के कृषि एवं किसान कल्याण से जुड़े सभी विभागों के अधिकारी मुख्य कृषि अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, सहायक गन्ना आयुक्त, उद्यान विभाग, जिला सहायक निबंध सहकारी समितियां हरिद्वार, मत्स्य विभाग, डेयरी विभाग, रेशम विभाग, अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई, अधिशासी अभियंता सिंचाई, नलकूप विभाग, लीड बैंक अधिकारी हरिद्वार, जिला प्रबंधक नाबार्ड, प्रभारी कृषि विज्ञान केंद्र धनौरी हरिद्वार, क्षेत्रीय अधिकारी कृभको, क्षेत्रीय अधिकारी इफको हरिद्वार ने भाग लिया। साथ ही जनपद के सभी विकासखंडों से बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। किसानों ने अपनी समस्याओं एवं सुझावों को आयोग के समक्ष रखा, जिन्हें गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई एवं शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए।

बैठक में आगामी गन्ना पेराई सत्र को लेकर विशेष चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी चीनी मिलें एवं गन्ना पेराई केंद्र समय पर संचालित किए जाएं। ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। इसके साथ ही खरीफ सीजन में आने वाली धान की फसल की खरीद को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि भारत सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर धान खरीद की समुचित एवं पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे प्रत्येक किसान अपनी उपज बिना किसी परेशानी के सरकार को बेच सके और उसे समय पर उचित मूल्य प्राप्त हो। उत्तराखंड राज्य किसान आयोग किसानों के हितों की रक्षा एवं उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। किसानों की समृद्धि ही प्रदेश की समृद्धि का आधार है, और आयोग इसी संकल्प के साथ कार्य करता रहेगा।

Related Articles

Back to top button