व्यापारियों ने की कांवड़ मेला व्यवस्थाओं पर चर्चा
व्यापारियों की समस्याओं का समाधान कराया जाएगा: डा. विशाल गर्ग

कलयुग दर्शन (24×7)
मो नदीम (संपादक)
हरिद्वार। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष डॉ. विशाल गर्ग ने भीमगोडा, भूपतवाला एवं खड़खड़ी इकाई के पदाधिकारियों और व्यापारियों के साथ बैठक कर आगामी कांवड़ मेले की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में व्यापारियों ने मेले के दौरान आने वाली विभिन्न समस्याओं से अवगत कराते हुए उनके समाधान की मांग उठाई। बैठक के दौरान व्यापारियों ने डॉ. विशाल गर्ग को भाजपा के प्रचार एवं साहित्य विभाग का प्रदेश सह-संयोजक बनाए जाने पर उनका स्वागत करते हुए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर डॉ. गर्ग ने सभी व्यापारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि व्यापारियों की समस्याओं और सुझावों को शासन एवं प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाकर उनका समाधान कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि व्यापारियों का विश्वास और सहयोग उनके लिए प्रेरणा है तथा वे व्यापारी हितों की रक्षा और उनके अधिकारों के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करते रहेंगे। बैठक में व्यापार मंडल ने प्रशासन से मांग की कि कांवड़ मेला शुरू होने से पहले प्रमुख बाजारों, संपर्क मार्गों और कांवड़ यात्रा मार्गों से अस्थायी अतिक्रमण हटाकर पर्याप्त पैदल मार्ग सुनिश्चित किया जाए।

इसके साथ ही पार्किंग, सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों को भी प्रभावी बनाया जाए, ताकि शिवभक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और स्थानीय व्यापार भी सुचारु रूप से संचालित हो सके। बैठक में प्रदेश सचिव मयंक मूर्ति भट्ट, प्रदेश उपाध्यक्ष शिवकुमार कश्यप, शहर व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रवीण शर्मा, शहर कोषाध्यक्ष अनुज गुप्ता, आशीष गिरी, नीरज पाल, जिला महामंत्री (संगठन) योगेश भारद्वाज, जिला कोषाध्यक्ष अजय अरोड़ा, निशा गुप्ता, बबीता सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।




