लगातार बारिश के बीच हरिद्वार हाई अलर्ट पर, डीएम मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को दिए सतर्कता के निर्देश
जलभराव, आपदा और गंगा घाटों पर सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, श्रद्धालुओं से जोखिम न उठाने की अपील

कलयुग दर्शन (24×7)
मो नदीम (संपादक)
हरिद्वार। जनपद में लगातार हो रही वर्षा को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी विभागीय एवं प्रशासनिक अधिकारियों को पूर्ण सतर्कता और अलर्ट मोड में कार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखें तथा जलभराव, सड़क अवरुद्ध होने या किसी भी आपदा संबंधी सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो रही है, वहां संबंधित विभाग तत्काल प्रभाव से जल निकासी की व्यवस्था करें, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने यह भी कहा कि वर्षा के कारण यदि किसी सरकारी अथवा निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचता है तो उसका तत्काल आकलन कर विस्तृत रिपोर्ट जिला आपदा कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराई जाए।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं एवं शिवभक्तों से भी विशेष सतर्कता बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही बारिश के कारण गंगा घाटों और नदी तटों पर सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें, तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें तथा प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने किसी भी प्रकार का जोखिम न उठाने और संयम बनाए रखने का आग्रह किया। इसके अलावा, नदी किनारे रहने वाले लोगों को भी बढ़ते जलस्तर को देखते हुए अनावश्यक रूप से नदी के समीप न जाने की सलाह दी गई है। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए जनहानि और संपत्ति की क्षति को न्यूनतम रखने के लिए पूरी तत्परता के साथ कार्य करें।



