जौहर यूनिवर्सिटी पर बुलडोजर कार्रवाई का विरोध, शिक्षा के मंदिरों पर आंच नहीं आने देंगे: आसिम मलिक
भारतीय किसान यूनियन वर्मा ने कहा, कानूनी विवादों का समाधान न्यायालय के माध्यम से हो, बुलडोजर से नहीं

कलयुग दर्शन (24×7)
हैदर अंसारी (सहारनपुर जिला प्रभारी)
सहारनपुर। भारतीय किसान यूनियन वर्मा के महफूज़ गार्डन स्थित कार्यालय में आयोजित बैठक में प्रदेश महामंत्री आसिम मलिक ने रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी के खिलाफ प्रस्तावित प्रशासनिक कार्रवाई और बुलडोजर चलाए जाने की चर्चाओं पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। बैठक को संबोधित करते हुए आसिम मलिक ने कहा कि यदि विश्वविद्यालय से संबंधित कोई कानूनी विवाद है तो उसका समाधान न्यायालय और संवैधानिक प्रक्रिया के तहत होना चाहिए, न कि बुलडोजर की कार्रवाई के माध्यम से। उन्होंने कहा कि जौहर यूनिवर्सिटी जैसे शैक्षणिक संस्थान लाखों युवाओं की उम्मीदों का केंद्र हैं और शिक्षा के मंदिरों को निशाना बनाना किसी भी सभ्य समाज के हित में नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि शिक्षा पर किसी प्रकार की आंच आई तो भारतीय किसान यूनियन वर्मा चुप नहीं बैठेगी।

संगठन लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से शिक्षा बचाने के लिए आर-पार की लड़ाई लड़ेगा। उन्होंने कहा कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान से जुड़े विवादों का समाधान कानून के दायरे में होना चाहिए, ताकि छात्रों की पढ़ाई और भविष्य प्रभावित न हो। बैठक की अध्यक्षता मंडल प्रभारी अब्दुल खालिक ने की, जबकि संचालन जिलामहामंत्री अब्दुल सत्तार ने किया। इस अवसर पर खालिद मलिक, वलीउल्लाह, मोहम्मद हसीब एडवोकेट, इकबाल ठेकेदार, सलमान, मोहम्मद हसीन, रजत शर्मा, रोहित सैनी, बिलाल, मोहसिन, इस्माइल खान, शहनजर, जाबिर, अय्यूब, शफात अली, अक्षय कुमार, अजीत कुमार सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



