उत्तराखंड

वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. विशाल गर्ग ने की कांवड़ियों की सेवा, कहा- शिवभक्तों की सेवा सबसे बड़ा पुण्य

कलयुग दर्शन (24×7)

मो नदीम (संपादक)

हरिद्वार। श्रावण मास की पावन कांवड़ यात्रा के दौरान विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं की ओर से लगाए जा रहे सेवा शिविरों में शिवभक्तों की सेवा का क्रम निरंतर जारी है। इसी क्रम में सीतापुर स्थित कांवड़ सेवादल द्वारा आयोजित 42वें विशाल कांवड़ सेवा शिविर में वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. विशाल गर्ग मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने शिवभक्त कांवड़ियों को अपने हाथों से भोजन प्रसाद वितरित कर उनकी कुशलक्षेम पूछी और सेवा कार्यों में योगदान देने वाले सभी स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर डॉ. विशाल गर्ग ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और सामाजिक एकता का भी महापर्व है।

गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे शिवभक्तों की सेवा करना अत्यंत सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि शिवभक्तों की निस्वार्थ सेवा से आत्मिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा और ईश्वर की विशेष कृपा प्राप्त होती है। उन्होंने कांवड़ सेवादल सीतापुर द्वारा पिछले 42 वर्षों से निरंतर संचालित किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सेवा भावना को मजबूत करने के साथ युवाओं को भी सामाजिक दायित्व निभाने की प्रेरणा देते हैं। डॉ. गर्ग ने सेवा शिविर में उपलब्ध कराई जा रही भोजन, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की सेवा करना अत्यंत पुण्य का कार्य है। उन्होंने सभी स्वयंसेवकों से इसी समर्पण और उत्साह के साथ सेवा कार्य जारी रखने का आह्वान किया। इस दौरान शिविर में नितिन चौहान, संजय गुप्ता, नरेंद्र गुप्ता, अंबरीश सहित कांवड़ सेवादल के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर शिवभक्तों की सेवा की तथा उनके सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की कामना की।

Related Articles

Back to top button