उत्तराखंड

पत्नी को साढ़ू के साथ आपत्तिजनक हालत में देखने का आरोप, विरोध पर पति पर हमला

पथरी के बुक्कनपुर गांव की घटना, पत्नी, साढ़ू और बेटे पर मुकदमा दर्ज; पुलिस ने शुरू की जांच

कलयुग दर्शन (24×7)

पारस कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। पथरी थाना क्षेत्र के बुक्कनपुर गांव में पारिवारिक विवाद का गंभीर मामला सामने आया है। एक व्यक्ति ने आरोप लगाया है कि उसने अपनी पत्नी को अपने ही साढ़ू के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। विरोध करने पर पत्नी, साढ़ू और बेटे ने उस पर धारदार हथियार व लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पीड़ित ने किसी तरह जान बचाकर भागने का दावा किया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई तहरीर में बुक्कनपुर निवासी करनल सिंह पुत्र ऋषिपाल सिंह ने बताया कि 31 जुलाई की रात उसका साढ़ू सुखदेव सिंह उसके घर आया हुआ था। आरोप है कि जब वह कमरे में पहुंचा तो उसने अपनी पत्नी सरबजीत कौर और साढ़ू को आपत्तिजनक अवस्था में देखा। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया। पीड़ित के अनुसार, रात करीब साढ़े नौ बजे पत्नी सरबजीत कौर, साढ़ू सुखदेव सिंह और पुत्र गगनदीप सिंह ने मिलकर उस पर धारदार हथियार और लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

हमले में उसके सिर और नाक पर चोटें आईं, जबकि पत्नी ने उसके हाथ पर दांत से काटकर घायल कर दिया। इसके बाद वह किसी तरह वहां से निकलकर अपने भाई और माता-पिता के घर पहुंचा। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी उसका पीछा करते हुए उसके भाई के घर तक पहुंच गए, जहां घर में घुसकर धक्का-मुक्की, गाली-गलौज और हंगामा किया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर थाना पथरी पुलिस ने पत्नी सरबजीत कौर, साढ़ू सुखदेव सिंह और पुत्र गगनदीप सिंह के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की निष्पक्ष और गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button