उत्तराखंड

राष्ट्रीय सनातनी ट्रस्ट ने कांवड़ियों के लिए शुरू किया निःशुल्क चिकित्सा सेवा शिविर

कलयुग दर्शन (24×7)

विनय कुमार (संवाददाता)

कलियर। कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर लौट रहे शिवभक्तों की सेवा एवं स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सामाजिक संस्था राष्ट्रीय सनातनी ट्रस्ट की ओर से भगवानपुर बाईपास स्थित नगर पंचायत इमलीखेड़ा में निःशुल्क चिकित्सा सेवा शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर का उद्घाटन संगठन के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप शर्मा एवं प्रदेश सलाहकार प्रदीप सैनी ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप शर्मा और प्रदेश सलाहकार प्रदीप सैनी ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि सेवा, सहयोग और मानवता का भी महापर्व है। उन्होंने बताया कि संगठन पिछले कई वर्षों से निस्वार्थ भाव से शिवभक्तों की सेवा करता आ रहा है।

इस वर्ष कांवड़ यात्रा के दौरान इमलीखेड़ा, महेवड़ पुल, धनौरी, दौलतपुर सहित करीब एक दर्जन स्थानों पर निःशुल्क चिकित्सा सेवा शिविर लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे सेवा कार्य समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और युवाओं को मानव सेवा के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने शिविर में सेवाएं दे रहे चिकित्सकों, स्वयंसेवकों और सहयोगियों के योगदान की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि शिविर में आने वाले प्रत्येक शिवभक्त का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। साथ ही प्राथमिक उपचार, चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक दवाइयां भी निशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।

यात्रा के दौरान होने वाली सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं जैसे बुखार, डिहाइड्रेशन, थकान, चोट, छाले आदि के उपचार के लिए सभी आवश्यक दवाइयों और चिकित्सा सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल उपचार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि प्रत्येक शिवभक्त की यात्रा को सुरक्षित, स्वस्थ और सुगम बनाना है। इसी संकल्प के साथ चिकित्सकों एवं स्वयंसेवकों की टीम दिन-रात सेवा कार्य में जुटी हुई है। इस अवसर पर प्रीति चौधरी, ओमप्रकाश कुशवाहा, अरविंद, सुरेश पाल, सौरभ, सतपाल सैनी, प्रीति सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button