उत्तराखंड

श्रावण के प्रथम सोमवार पर दक्षेश्वर महादेव मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब

भगवान शिव की ससुराल कनखल में श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक, भक्तों ने मांगी सुख-समृद्धि की कामना

कलयुग दर्शन (24×7)

दीपक कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। श्रावण माह के प्रथम सोमवार को भगवान शिव की ससुराल माने जाने वाले कनखल स्थित दक्षेश्वर महादेव मंदिर में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही हजारों श्रद्धालु लंबी कतारों में खड़े होकर भगवान शिव का जलाभिषेक करते रहे। पूरा मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से भक्तिमय हो उठा। पौराणिक मान्यता के अनुसार, माता सती के देहत्याग के बाद भगवान शिव ने अपनी सास को वचन दिया था कि वे प्रत्येक वर्ष श्रावण माह में एक महीने तक अपने ससुराल कनखल में निवास करेंगे। इसी मान्यता के चलते श्रावण मास में दक्षेश्वर महादेव मंदिर का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि इस पावन माह में यहां गंगाजल अर्पित कर सच्चे मन से पूजा-अर्चना करने पर भगवान शिव सभी मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं।

मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं में उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद के कांधला से आए एक परिवार ने बताया कि उन्होंने छह वर्ष पहले संतान प्राप्ति की मनोकामना लेकर दक्षेश्वर महादेव मंदिर में प्रार्थना की थी। उनकी मनोकामना पूर्ण होने के बाद इस वर्ष वे अपने पुत्र के साथ प्रथम सोमवार पर भगवान शिव का जलाभिषेक करने पहुंचे हैं। परिवार ने इसे भगवान शिव की कृपा बताते हुए आभार व्यक्त किया। दक्षेश्वर महादेव मंदिर का संबंध राजा दक्ष के यज्ञ और माता सती की कथा से जुड़ा हुआ है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार यह स्थल अत्यंत पवित्र माना जाता है और श्रावण मास में यहां देशभर से लाखों श्रद्धालु दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। प्रथम सोमवार के अवसर पर भी मंदिर परिसर में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।

Related Articles

Back to top button