हरिद्वार में 17वां गणेश महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा, पीतल की प्रतिमा होगी स्थापित

कलयुग दर्शन (24×7)
आशु (संवाददाता)
हरिद्वार। हरिद्वार गणपति संघ की विशेष बैठक में आगामी 17वें गणेश महोत्सव की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने महोत्सव को भव्य एवं पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ मनाने का संकल्प लिया। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष 14 सितम्बर 2026 को भगवान श्री गणेश की आकर्षक पीतल की प्रतिमा का विधि-विधान से पूजन कर स्थापना की जाएगी। कार्यक्रम का उद्घाटन विधायक एवं कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक तथा कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा करेंगे। वहीं सायंकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम का उद्घाटन विधायक आदेश चौहान और हरिद्वार नगर निगम की महापौर किरण जैसल के करकमलों द्वारा किया जाएगा। संघ ने बताया कि 18 सितम्बर 2026 को भगवान श्री गणेश की भव्य शोभायात्रा सुंदर झांकियों और बैंड-बाजों के साथ निकाली जाएगी। शोभायात्रा के माध्यम से श्रद्धालुओं को यह संदेश दिया जाएगा कि केमिकल या अन्य हानिकारक पदार्थों से बनी प्रतिमाओं का गंगा में विसर्जन न करें, ताकि गंगा की पवित्रता और पर्यावरण की रक्षा हो सके।

बैठक में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए समिति ने तय किया कि पीतल की भगवान गणेश की प्रतिमा का विसर्जन नहीं किया जाएगा। शोभायात्रा के बाद प्रतिमा का विधिवत स्नान कर उसे श्री गरीबीदासी सेवा आश्रम में सुरक्षित रखा जाएगा, ताकि अगले वर्ष भी उसी प्रतिमा की स्थापना की जा सके। समिति का मानना है कि यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ धार्मिक आस्था का भी सम्मान करेगी। बैठक में समिति के अध्यक्ष जॉनी अरोरा, संयोजक रमेश चंद जोशी, संस्थापक अध्यक्ष राजू मनोचा, महामंत्री सुनील मनोचा, नरेश शर्मा, नीरज जैन, कोषाध्यक्ष संजय तनेजा, सोहन सिंह, अमन यादव, आनंद जोशी, मोहन सिंह तथा नवयुवक मंडल के मयंक ठाकुर, आर्यन मनोचा, शिवम वर्मा, सुरेंद्र तनेजा, गौरव दुआ, अर्पित दुआ, वंश मनोचा, चिराग मनोचा, रचित मनोचा, नीतीश मनोचा, साहिल अरोरा, कन्हैया वर्मा, मनीष शर्मा, मोनू गर्ग, चिंटू गर्ग, अनमोल सैनी, राहुल राणा सहित अनेक सदस्यों ने महोत्सव को सफल एवं भव्य बनाने का संकल्प लिया।



