उत्तराखंड

जट्टवाड़ा पुल स्थित बिजली घर की दीवार गिरने से ठेकेदार की कार्यशैली पर सवाल, जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन

कलयुग दर्शन (24×7)

अवधेश भूमिवाल (संवाददाता)

हरिद्वार। ज्वालापुर के जट्टवाड़ा पुल स्थित बिजलीघर की चारदीवारी गुरुवार सुबह हुई बारिश के दौरान अचानक भरभराकर गिर गई। इस घटना के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता और कार्यदायी ठेकेदार की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि, घटना के समय मौके पर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की गई। उनका कहना है कि दीवार को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक आरसीसी कॉलम तक नहीं बनाए गए, जिसके कारण दीवार सामान्य बारिश का दबाव भी नहीं झेल सकी और ढह गई। बताया जा रहा है कि संबंधित ठेकेदार द्वारा ऊर्जा निगम के कई निर्माण कार्यों को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं और विभिन्न स्थानों पर निर्माण संबंधी खामियां सामने आ चुकी हैं।

इसके बावजूद निगम की ओर से ठेकेदार पर कोई ठोस कार्रवाई न किए जाने को लेकर लोगों में नाराजगी है। शहरवासियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करने तथा निर्माण कार्य का भुगतान रोकने की मांग की है। इस संबंध में उपखंड अधिकारी शिल्पी सैनी ने बताया कि गिरी हुई चारदीवारी का पुनर्निर्माण कराया जाएगा। साथ ही दीवार गिरने के कारणों की जांच भी कराई जाएगी। यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button