कांवड़ यात्रा में बढ़ती भीड़ को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने सीसीआर कंट्रोल रूम पहुंचकर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

कलयुग दर्शन (24×7)
अमित वालिया (संवाददाता)
हरिद्वार। कांवड़ यात्रा के दौरान लगातार बढ़ रही शिवभक्तों की भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सीसीआर कंट्रोल रूम पहुंचकर कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने ड्रोन कैमरों एवं सीसीटीवी के माध्यम से कांवड़ यात्रा मार्ग, पार्किंग स्थलों, हाईवे, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों की लाइव मॉनिटरिंग का निरीक्षण किया। लाधिकारी ने भीड़ की स्थिति, यातायात संचालन, पार्किंग व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिक भीड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल अतिरिक्त पुलिस बल एवं संसाधन तैनात करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि आगामी तीन दिनों में कांवड़ यात्रियों की संख्या में और बढ़ोतरी की संभावना है।

ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ चौबीसों घंटे मुस्तैदी से कार्य करें। संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल, मजिस्ट्रेट और आवश्यक संसाधन उपलब्ध रखने के भी निर्देश दिए गए। कंट्रोल रूम से प्राप्त लाइव फीड के आधार पर पूरे कांवड़ यात्रा मार्ग की लगातार निगरानी की जा रही है। किसी भी आपात स्थिति में संबंधित अधिकारियों को तत्काल निर्देश जारी कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। इस दौरान अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक (संचार) विपिन कुमार सहित संबंधित अधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।



