देश को सांस्कृतिक रूप से एकजुट करने में संत समाज की अहम भूमिका: गोपाल कांडा

कलयुग दर्शन (24×7)
राकेश वालिया (ब्यूरो चीफ)
हरिद्वार। हरिद्वार आए हरियाणा के पूर्व गृह राज्यमंत्री एवं हरियाणा लोकहित पार्टी के सुप्रीमो गोपाल कांडा ने श्रवणनाथ नगर स्थित तारकेश्वर धाम पहुंचकर स्वामी निर्मल दास महाराज के सानिध्य में तारा बाबा घाट पर गंगा पूजन किया और कांवड़ियों भोजन प्रसाद व फल वितरित किए। गोपाल कांडा ने कहा कि समाज को धर्म व अध्यात्म की प्रेरणा देकर अध्यात्म के मार्ग अग्रसर करने के साथ देश को सांस्कृतिक रूप से एकजुट करने में संत समाज की अहम भूमिका है। संतों की दिव्य वाणी से प्रसारित होने वाले आध्यात्मिक संदेशों से पूरे विश्व को मार्गदर्शन प्राप्त होता है। गोपाल कांडा ने कहा कि तपस्वी व सिद्ध संत तारा बाबा की प्रेरणा और संतों के सानिध्य में गंगा पूजन कर उन्हें आत्मिक संतोष प्राप्त हुआ है।

स्वामी निर्मल दास महाराज ने कहा कि परमार्थ के लिए जीवन समर्पित करने वाले संत महापुरूष सदैव भक्तों के कल्याण की कामना करते हैं। उन्होंने कहा कि संतों के प्रति सदैव आदर और सम्मान का भाव रखने वाले गोपाल कांडा़ राजनीति के साथ समाज सेवा में भी उल्लेखनीय योगदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा विश्व की सबसे बड़ी आध्यात्मिक यात्रा है, जो सभी बंधन तोड़कर समाज में समरसता का माध्यम बनती है। श्रीमहंत विष्णु दास एवं स्वामी रविदेव शास्त्री ने कहा कि सभी को सद्गुरू के सानिध्य में धर्म और अध्यात्मक का ज्ञान प्राप्त कर उसे आचरण में धारण कर मानव कल्याण में योगदान करना चाहिए। इस दौरान स्वामी हरिहरानंद, महंत दामोदर दास, महंत कपिल मुनि, महंत धर्मदास, स्वामी दिनेश दास, स्वामी सुतिक्ष्ण मुनि, स्वामी श्रवण मुनि, स्वामी आनंद महाराज सहित बड़ी संख्या में संत महापुरूष मौजूद रहे। आचार्य रामचंद्र व आचार्य प्रकाश उप्रेती के नेतृत्व में 11 ब्राह्मणों ने गंगा पूजन संपन्न कराया।



