उत्तराखंड

टिहरी विस्थापित कॉलोनी में दो घरों में चोरी का खुलासा, तीन शातिर चोर गिरफ्तार

ऑपरेशन प्रहार के तहत रानीपुर पुलिस और सीआईयू की संयुक्त कार्रवाई, 5 लाख रुपये नकद समेत चोरी में प्रयुक्त टैम्पो व दस्तावेज बरामद

कलयुग दर्शन (24×7)

सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र की टिहरी विस्थापित कॉलोनी में दो घरों में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। ऑपरेशन प्रहार के तहत रानीपुर कोतवाली पुलिस और सीआईयू की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से चोरी के जेवरात बेचकर मिले 5 लाख रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त टैम्पो, पुलिस कार्ड, पैन कार्ड और आधार कार्ड बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, 29 जुलाई की रात टिहरी विस्थापित कॉलोनी की गली नंबर ए-20 में चोरों ने दो मकानों को निशाना बनाया था। पहले मकान का ताला तोड़कर चोरी का प्रयास किया गया, लेकिन वहां कुछ नहीं मिलने पर आरोपियों ने पास के दूसरे मकान का ताला तोड़कर अलमारी से सोने के जेवरात चोरी कर लिए। घटना के संबंध में 4 अगस्त को रानीपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले के खुलासे के लिए पुलिस टीम के साथ सीआईयू को तकनीकी सहयोग और सुराग जुटाने की जिम्मेदारी दी गई। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें वारदात में प्रयुक्त टैम्पो का सुराग मिला। पुलिस को सूचना मिली कि उक्त टैम्पो बीएचईएल की ओर आ रहा है। चेकिंग के दौरान बीएचईएल स्टेडियम के पास सुरेश्वरी देवी मंदिर जाने वाले तिराहे से पुलिस ने अक्षय उर्फ गोलू को टैम्पो समेत गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से मृतक राजेंद्र पाल के नाम का पुलिस कार्ड भी बरामद हुआ।

पूछताछ में अक्षय ने अपने साथी सोनू सैनी और सोनू शर्मा के साथ मिलकर चोरी करने की बात कबूल की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने रावली महदूद, डैन्सो चौक के पास एक मकान में दबिश देकर दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से चोरी के जेवरात बेचकर प्राप्त 5 लाख रुपये नकद, राजेंद्र पाल का पैन कार्ड और आधार कार्ड बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना वाली शाम उन्होंने शराब पीने के बाद बंद घरों में चोरी की योजना बनाई थी। इसके बाद टैम्पो से टिहरी विस्थापित कॉलोनी पहुंचे और पहले एक मकान में चोरी का प्रयास किया। वहां कुछ नहीं मिलने पर दूसरे मकान को निशाना बनाकर सोने के जेवरात चोरी कर लिए। बाद में जेवरात धामपुर में एक चलते-फिरते व्यापारी को बेच दिए। रकम बांटने के लिए तीनों हरिद्वार में एकत्र हुए थे, जहां पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अक्षय उर्फ गोलू निवासी नगीना, बिजनौर, सोनू सैनी निवासी बिजनौर और सोनू शर्मा निवासी धामपुर, बिजनौर, हाल निवासी मुरादाबाद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। अक्षय के खिलाफ हरिद्वार और पौड़ी गढ़वाल में चोरी समेत तीन मुकदमे दर्ज हैं, जबकि सोनू सैनी के खिलाफ बिजनौर और पौड़ी गढ़वाल में चोरी, नकबजनी और शस्त्र अधिनियम समेत सात मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उनका चालान कर दिया है।

Related Articles

Back to top button