विशाल कांवड़ को पूर्व मेयर गौरव गोयल ने फीता काटकर किया रवाना

कलयुग दर्शन (24×7)
रजत कुमार (संवाददाता)
रुड़की। प्रसिद्ध श्रावण मास का कांवड़ मेला अब अपने अंतिम दौर में पहुंच गया है। लाखों डाक कांवड़िए पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हो चुके हैं। हरकी पैड़ी से लेकर गाजियाबाद तक पूरा हाईवे और कांवड़ मार्ग ‘बम भोले-बम भोले’ के जयघोष और सीटी की गूंज से गुंजायमान है। भारी वर्षा के बावजूद शिवभक्तों का उत्साह और आस्था कम नहीं हुई है। इसी क्रम में रुड़की की पुरानी तहसील स्थित श्री राधा कृष्ण मंदिर में पिछले एक सप्ताह से शिवभक्तों द्वारा कड़ी मेहनत कर एक विशाल और आकर्षक कांवड़ तैयार की गई। सोमवार शाम पूर्व मेयर गौरव गोयल ने फीता काटकर इस विशाल कांवड़ को हरिद्वार के लिए रवाना किया।

यह विशाल कांवड़ हरिद्वार पहुंचेगी, जहां से शिवभक्त पवित्र गंगाजल लेकर वापस रुड़की लौटेंगे। इसके बाद विभिन्न मंदिरों में महाशिवरात्रि पर्व पर भगवान शिव का जलाभिषेक किया जाएगा। इस अवसर पर पूर्व मेयर गौरव गोयल ने कहा कि भगवान शिव को समर्पित यह विशाल कांवड़ बेहद सुंदर और आकर्षक रूप से तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा श्रद्धा, आस्था और भगवान शिव के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने सभी शिवभक्तों को कांवड़ यात्रा की शुभकामनाएं दीं।



