कांवड़ मेला सकुशल संपन्न होने पर संत समाज ने किया प्रशासन का अभिनंदन
डॉ. रविंद्रपुरी महाराज ने डीएम-एसएसपी को पहनाई सम्मान की पगड़ी

कलयुग दर्शन (24×7)
राकेश वालिया (ब्यूरो चीफ)
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में आस्था, अनुशासन और प्रशासनिक व्यवस्था का विराट संगम बना कांवड़ मेला 2026 सकुशल संपन्न हो गया। करीब 4.30 करोड़ शिवभक्तों की सुरक्षित घर वापसी के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर समेत पूरे प्रशासनिक तंत्र की सराहना करते हुए बधाई दी। गुरु पूर्णिमा से शुरू हुई कांवड़ यात्रा में गोमुख सहित विभिन्न पवित्र स्थलों से गंगाजल लेकर करोड़ों शिवभक्त अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। कठिन परिस्थितियों में हजारों किलोमीटर की पैदल यात्रा करने वाले कांवड़ियों से लेकर डाक कांवड़, बाइक कांवड़ और अन्य स्वरूपों में पहुंचे श्रद्धालुओं ने हरिद्वार को आस्था के महासागर में बदल दिया।

रात-दिन जुटा रहा प्रशासन
इतने विशाल जनसमूह को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से गंतव्य तक पहुंचाना प्रशासन और पुलिस के लिए किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं था। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने स्वयं व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करते हुए अधिकारियों और पुलिस बल को दिशा-निर्देश दिए। भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा, पार्किंग, स्वास्थ्य सेवाएं, वैकल्पिक मार्ग, घाटों की व्यवस्था और कांवड़ पटरी से लेकर विभिन्न राज्यों की सीमाओं तक श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही के लिए व्यापक इंतजाम किए गए। पुलिस और प्रशासन की मुस्तैदी के चलते करोड़ों श्रद्धालुओं की यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

संत समाज की प्रार्थनाओं और अनुष्ठानों ने बढ़ाया मनोबल
कांवड़ मेले की सफलता में प्रशासन और पुलिस के साथ संत समाज की प्रार्थनाओं और धार्मिक अनुष्ठानों का भी विशेष योगदान रहा। श्री पंचायती अखाड़ा निरंजनी सहित विभिन्न स्थानों पर कांवड़ मेले के निर्विघ्न और शांतिपूर्ण संपन्न होने के लिए विशेष पूजा-अर्चना की गई। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष एवं श्री पंचायती अखाड़ा निरंजनी के सचिव श्री महंत डॉ. रविंद्रपुरी महाराज तथा मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट से जुड़े संतों ने मां मनसा देवी और भगवान भोलेनाथ से कांवड़ यात्रा के सकुशल संपन्न होने की प्रार्थना की।

डीएम-एसएसपी का संत समाज ने किया सम्मान
कांवड़ मेला सकुशल संपन्न होने और करोड़ों शिवभक्तों की सुरक्षित घर वापसी पर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री महंत डॉ. रविंद्रपुरी महाराज ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर का विशेष सम्मान किया। डॉ. रविंद्रपुरी महाराज ने दोनों अधिकारियों को माला एवं सम्मान की पगड़ी पहनाई तथा माता की प्रतिमा भेंट कर आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि संत समाज की प्रार्थनाओं, प्रशासन की मेहनत और पुलिस की मुस्तैदी के समन्वय से इतना विशाल कांवड़ मेला शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हो सका।

आस्था और व्यवस्था के समन्वय ने रचा सफलता का इतिहास
करीब 4.30 करोड़ शिवभक्तों की सकुशल घर वापसी हरिद्वार प्रशासन और पुलिस की कार्यक्षमता का बड़ा प्रमाण है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी कांवड़ मेले की सफलता के लिए जिलाधिकारी, एसएसपी समेत सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिसकर्मियों और व्यवस्थाओं में जुटे प्रत्येक व्यक्ति की सराहना की। कांवड़ मेला भले ही संपन्न हो गया हो, लेकिन करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था, पुलिस की चौकसी, प्रशासन की रणनीति, संत समाज की साधना और सेवा में जुटे लोगों की मेहनत की यह मिसाल लंबे समय तक याद की जाएगी। हर-हर महादेव के जयघोष के बीच कांवड़िए अपने घर लौट गए और हरिद्वार ने एक बार फिर साबित कर दिया कि जहां आस्था करोड़ों की हो, वहां व्यवस्था भी तपस्या बन जाती है।



