उत्तराखंड

नौगजे पीर के पास ई-रिक्शा से भिड़ी बाइक, युवक की मौत

कलयुग दर्शन (24×7)

सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। पिरान कलियर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह नौगजे पीर के पास हुए सड़क हादसे में 28 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान रहमतपुर गांव निवासी प्रभात गिरी के रूप में हुई है। हादसे के बाद ई-रिक्शा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 10 बजे प्रभात गिरी बहादराबाद स्थित दूध की डेयरी पर दूध देकर बाइक से अपने गांव रहमतपुर लौट रहा था। नौगजे पीर के पास सामने से आ रहे ई-रिक्शा से उसकी बाइक की जोरदार आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रभात गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी।

पिरान कलियर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। प्रभात की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में भी शोक की लहर है। वहीं पुलिस हादसे के बाद फरार हुए ई-रिक्शा चालक की तलाश में जुटी है। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फरार ई-रिक्शा चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद मामले में नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button