उत्तराखंड

गोवंश की मौत के मामले में कांग्रेस ने की आरोपी की गिरफ्तारी की मांग

सीओ सिटी से मिले कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की

कलयुग दर्शन (24×7)

आशु (संवाददाता)

हरिद्वार। बैरागी कैंप क्षेत्र में कथित तौर पर भाजपा नेता की गाड़ी की चपेट में आने से तीन गायों की मौत के मामले ने राजनीतिक रंग ले लिया है। शनिवार को कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने सीओ सिटी शिशुपाल नेगी से मुलाकात कर मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने घटना को गंभीर और संवेदनशील बताते हुए कहा कि तीन गोवंश की मौत का मामला बेहद गंभीर है। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर घटना के लिए जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की मांग की। वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी ने कहा कि कानून सभी के लिए समान होना चाहिए। किसी भी राजनीतिक प्रभाव या दबाव के कारण कार्रवाई में देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले में जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस कार्यकर्ता आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

कांग्रेस ओबीसी विभाग के जिलाध्यक्ष विकास चंद्रा ने कहा कि यदि पुलिस जांच में वाहन चालक की लापरवाही या तेज गति से वाहन चलाने की पुष्टि होती है तो संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की जानी चाहिए। प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा, वरिष्ठ नेता मनोज सैनी, सोम त्यागी, ओबीसी विभाग के जिलाध्यक्ष विकास चंद्रा, जिला प्रवक्ता अमित अवस्थी, एससी विभाग के प्रदेश कॉर्डिनेटर अक्षय नागपाल, रानीपुर विधानसभा अध्यक्ष नंद लाल यादव, विवेक त्यागी समेत अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button