उत्तराखंड

15 अक्टूबर तक गड्ढामुक्त होंगी जनपद की सभी सड़कें, डीएम मयूर दीक्षित ने किया स्थलीय निरीक्षण

कलयुग दर्शन (24×7)

मो नदीम (संपादक)

हरिद्वार। जनपद की सड़कों को सुरक्षित और सुगम बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शनिवार को हरिद्वार-नजीबाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग सहित मंगलौर तक राष्ट्रीय राजमार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क की स्थिति, गड्ढों, साफ-सफाई, अतिक्रमण और निर्माणाधीन फ्लाईओवर कार्यों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 15 अक्टूबर तक जनपद की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सड़कों पर मौजूद गड्ढों के कारण किसी भी प्रकार की दुर्घटना न हो, इसके लिए क्षतिग्रस्त हिस्सों की तत्काल मरम्मत और आवश्यकतानुसार पैचवर्क कराया जाए। कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे अतिक्रमण को लेकर भी डीएम ने सख्ती दिखाई। उन्होंने सड़क किनारे लगने वाली रेडी-ठेलियों और अन्य अस्थायी अतिक्रमण को तत्काल हटाने तथा दोबारा अतिक्रमण न होने देने के निर्देश दिए। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे उगी झाड़ियों की कटाई और साफ-सफाई प्राथमिकता से कराने को कहा।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न स्थानों पर चल रहे फ्लाईओवर निर्माण कार्यों की प्रगति भी देखी। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के साथ ही उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुंभ मेले के शुरू होने से पहले आवश्यक फ्लाईओवर और संबंधित सड़क निर्माण कार्य पूर्ण किए जाएं। डीएम ने दुर्घटना संभावित स्थानों को चिन्हित कर वहां आवश्यक सुरक्षा इंतजाम करने के निर्देश परिवहन विभाग को दिए। उन्होंने ऐसे स्थानों पर साइन बोर्ड, चेतावनी संकेतक, स्पीड ब्रेकर और बेहतर यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सड़कों को गड्ढामुक्त करने, अतिक्रमण हटाने, साफ-सफाई और सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद में सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था प्रशासन की प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान परियोजना निदेशक एनएचआई विशाल गोयल, प्रोजेक्ट मैनेजर सुमित कुमार, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा, श्रीमती नेहा झा, कृष्ण चंद्र पलड़िया सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button