उत्तराखंड

मतदाता सूची पुनरीक्षण में पारदर्शिता और निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता: डीएम मयूर दीक्षित

कलयुग दर्शन (24×7)

सागर कुमार (सह संपादक)

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शनिवार को तहसील कार्यालय रुड़की में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से एसआईआर प्रक्रिया की जानकारी लेते हुए कार्यों को निर्धारित नियमों के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण महत्वपूर्ण निर्वाचन कार्य है, इसलिए इसमें पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और सावधानी बरती जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मतदाता सूची से किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम किसी भी दशा में पृथक न होने पाए। पात्र मतदाताओं के नामों का सत्यापन निर्धारित प्रक्रिया के तहत पूरी सावधानी से किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एसआईआर के दौरान प्राप्त सूचनाओं एवं दस्तावेजों की उचित जांच की जाए तथा प्रत्येक प्रकरण में नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी पात्र नागरिक को उसके मतदान के अधिकार से वंचित न होना पड़े, इसके लिए प्रत्येक स्तर पर सतर्कता आवश्यक है।

डीएम ने एसआईआर कार्य की नियमित निगरानी करने और निर्धारित समयसीमा में सभी आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही आम नागरिकों को प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं सहयोग उपलब्ध कराने को भी कहा। इस अवसर पर संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ, तहसीलदार विकास अवस्थी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button