पंत जयंती पर जिलाधिकारी ने किया नमन
आधुनिक भारत के निर्माण में पंडित गोविंद बल्लभ पंत का अहम योगदान: डीएम

कलयुग दर्शन (24×7)
मो नदीम (संपादक)
हरिद्वार। भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती जनपद में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने देवपुरा चौक स्थित पंत पार्क पहुंचकर पंडित गोविंद बल्लभ पंत की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, प्रखर वक्ता, कुशल प्रशासक एवं समाज सुधारक थे। आधुनिक भारत के निर्माण में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन के साथ-साथ सामाजिक एवं राजनीतिक चेतना के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत का जन्म 10 सितंबर 1887 को अल्मोड़ा जिले के खूंट गांव में हुआ था। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से स्नातक एवं विधि की शिक्षा प्राप्त की और छात्र जीवन से ही राजनीति एवं सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय हो गए थे।

जिलाधिकारी ने कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत ने जिस आधुनिक एवं सशक्त भारत का सपना देखा था, उसे साकार करने के लिए सभी को अपने दायित्वों का निर्वहन निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करना होगा। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और उसे आत्मनिर्भर बनाना सभी की जिम्मेदारी है। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) जितेंद्र कुमार ने कलेक्ट्रेट सभागार में पंडित गोविंद बल्लभ पंत के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की। जनपद के सभी सरकारी कार्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके जीवन, व्यक्तित्व एवं राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद किया। इस दौरान जनपद स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।



