उत्तराखंड

पिरान कलियर मेले में Smart Safety Tag बना मददगार, 23 बिछड़े बच्चे परिजनों से मिले

कलयुग दर्शन (24×7)

सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। पिरान कलियर शरीफ के मेले में हरिद्वार पुलिस और नेक्सोरा टेक्नोलॉजी की Smart Safety Tag टीम की पहल प्रभावी साबित हुई। मेले में भीड़ के बीच परिजनों से बिछड़े 23 बच्चों को सुरक्षित उनके माता-पिता और अभिभावकों से मिलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण शेखर चंद सुयाल के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी भगवानपुर के पर्यवेक्षण में मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। इसी क्रम में बच्चों के परिजनों से बिछड़ने की स्थिति से निपटने के लिए QR कोड आधारित Smart Safety Tag व्यवस्था लागू की गई। Smart Safety Tag पर लगे QR कोड को स्कैन करने के बाद बच्चे की पहचान और उसके परिजनों से संपर्क स्थापित करने में पुलिस तथा टीम को मदद मिली। इससे बिछड़े बच्चों को जल्द और सुरक्षित उनके परिवारों तक पहुंचाया जा सका।

इस पहल की बच्चों के परिजनों और आमजन ने सराहना करते हुए हरिद्वार पुलिस एवं Smart Safety Tag टीम का आभार जताया। जनसेवा के प्रति सराहनीय कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक ग्रामीण शेखर चंद सुयाल ने Smart Safety Tag टीम को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। पुलिस के अनुसार, भीड़भाड़ वाले धार्मिक आयोजनों, कुंभ, तीर्थस्थलों, पर्यटन स्थलों और अन्य बड़े सार्वजनिक कार्यक्रमों में यह तकनीक बच्चों की सुरक्षा और खोया-पाया व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में उपयोगी साबित हो सकती है।

Related Articles

Back to top button