सुपारी किलिंग की साजिश का खुलासा, मुठभेड़ में बदमाश के पैर में लगी गोली
बैंककर्मी की हत्या के लिए 5 लाख की सुपारी, साथी फरार

कलयुग दर्शन (24×7)
सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)
देहरादून। पटेल नगर क्षेत्र में पुलिस चेकिंग के दौरान बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर फरार हो गया। घायल आरोपी को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस ने क्षेत्र में कॉम्बिंग अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस के अनुसार, घायल बदमाश की पहचान अंकित चौहान निवासी सोसायटी रोड लक्सर, केशव नगर, हरिद्वार के रूप में हुई है। मौके से फरार हुए आरोपी की पहचान अंकुर के रूप में बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तमंचा, जिंदा और खोखा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है। बड़ोवाला में बैंककर्मी पर हुआ था हमलामामला 8 सितंबर का है। एक महिला ने पटेल नगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह अपने फुफेरे भाई के साथ स्कूटी से घर जा रही थी। बड़ोवाला की ओर पेट्रोल पंप से करीब 200 मीटर आगे पीछे से मोटरसाइकिल पर आए दो युवकों ने उनकी स्कूटी के आगे बाइक लगाकर फायरिंग कर दी। गोली लगने से महिला का भाई गंभीर रूप से घायल हो गया था।घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की और घटनास्थल तथा आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस टीमों को शुक्रवार रात सूचना मिली कि वारदात में शामिल दोनों आरोपी किसी अन्य घटना को अंजाम देने के लिए दोबारा देहरादून आए हैं।

चेकिंग देख बाइक छोड़ जंगल में भागेसूचना के आधार पर पटेल नगर क्षेत्र में सघन चेकिंग शुरू की गई। गोरखपुर चौक पर पुलिस ने बिना नंबर की संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही दोनों बाइक लेकर प्रेमनगर की ओर भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो चाय बागान की पगडंडी के पास दोनों मोटरसाइकिल छोड़कर जंगल की ओर भाग गए। पुलिस के मुताबिक, पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें अंकित चौहान के पैर में गोली लग गई। उसका साथी अंकुर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस का दावा, 5 लाख रुपये में ली थी हत्या की सुपारीपुलिस पूछताछ में अंकित ने कथित तौर पर बताया कि उसने अपने साथी अंकुर के साथ मिलकर बड़ोवाला क्षेत्र में एक बैंककर्मी को जान से मारने की सुपारी ली थी। पुलिस के अनुसार, इस वारदात के पीछे एक महिला और उसके परिचित मोहित का नाम सामने आया है।पुलिस का दावा है कि महिला की मुलाकात वर्ष 2020 में हरिद्वार के एक बैंक में काम करने के दौरान बिजनौर निवासी सत्यम कुमार से हुई थी। महिला के मुताबिक, सत्यम करीब चार-पांच वर्षों तक उसे शादी का भरोसा देता रहा, लेकिन बाद में उसने किसी दूसरी युवती से सगाई कर ली।इसी विवाद के बाद महिला ने कथित तौर पर सत्यम को रास्ते से हटाने के लिए मोहित और उसके जरिए अंकित-अंकुर से संपर्क किया। पुलिस के मुताबिक, हत्या के बदले 5 लाख रुपये देने का सौदा हुआ था और अंकित को कथित तौर पर 1.20 लाख रुपये एडवांस दिए गए थे। महिला ने उसे सत्यम की फोटो और देहरादून स्थित बैंक कार्यालय की जानकारी भी उपलब्ध कराई थी। बैंक से निकलते ही किया था पीछाएसपी सिटी प्रमोद कुमार के अनुसार, 8 सितंबर की शाम आरोपी उज्जीवन बैंक के बाहर सत्यम के निकलने का इंतजार कर रहे थे। करीब 7.45 बजे सत्यम के बैंक से बाहर निकलने के बाद आरोपियों ने मोटरसाइकिल से उसका पीछा किया। शिमला बाईपास रोड स्थित बड़ोवाला के सुनसान स्थान पर आरोपियों ने सत्यम की स्कूटी के आगे बाइक लगाकर उस पर फायरिंग कर दी।

गोली लगने से सत्यम घायल हो गया। आसपास लोगों के पहुंचने पर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। वारदात के बाद दिल्ली और हरियाणा भागे पुलिस के मुताबिक, फायरिंग की घटना के बाद दोनों आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए पहले दिल्ली और फिर हरियाणा चले गए। शुक्रवार रात वे कथित तौर पर मोहित के कहने पर बाकी रकम लेने के लिए दोबारा देहरादून पहुंचे थे।चेकिंग के दौरान पुलिस के सामने पड़ने पर दोनों ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में अंकित के पैर में गोली लगी। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि फरार अंकुर की तलाश में पुलिस की टीमें जंगल और आसपास के इलाकों में कॉम्बिंग कर रही हैं। पुलिस अब मामले में महिला और मोहित की भूमिका समेत सुपारी किलिंग की पूरी कड़ी की जांच कर रही है।



