आईआईटी रुड़की में दीक्षांत समारोह शुरू
एनएसए अजीत डोभाल ने छात्रों से राष्ट्र निर्माण में तकनीकी दक्षता लगाने का किया आह्वान

कलयुग दर्शन (24×7)
नरेश मित्तल (संवाददाता)
हरिद्वार। आईआईटी रुड़की में दो दिवसीय वार्षिक दीक्षांत समारोह-2026 का गरिमामय माहौल में शुभारंभ हुआ। समारोह के पहले दिन मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत कुमार डोभाल शामिल हुए। इस वर्ष संस्थान के कुल 2,701 छात्र-छात्राओं को उपाधियां प्रदान की जा रही हैं। छात्रों को संबोधित करते हुए अजीत डोभाल ने आईआईटी रुड़की के गौरवशाली इतिहास और वैश्विक योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि संस्थान के पूर्व छात्रों ने भारत के साथ-साथ विश्व स्तर पर अपनी प्रतिभा और सेवाओं से देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने पासआउट विद्यार्थियों से अपनी तकनीकी दक्षता का उपयोग व्यक्तिगत करियर के साथ देश के विकास, राष्ट्रीय सुरक्षा और सामाजिक कल्याण में करने का आह्वान किया। समारोह में वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका पर प्रकाश डालते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. के.के. पंत ने संस्थान की उपलब्धियों, शोध कार्यों और अंतरराष्ट्रीय सहयोग की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संस्थान नवाचार और अनुसंधान के क्षेत्र में लगातार नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने उपाधि प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह के पहले दिन स्नातक पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गईं। डिग्री प्राप्त करते ही विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। दूसरे दिन स्नातकोत्तर और पीएचडी शोधार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इस अवसर पर हीरो मोटोकॉर्प के सीईओ हर्षवर्धन चितले मुख्य अतिथि होंगे। समारोह में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेट, आईआईटी प्रबंधन, प्रोफेसर, छात्र-छात्राएं और अभिभावक मौजूद रहे।



