अंश को निशाना बनाने पहुंचे बदमाश, युवती को लगी गोली
मायापुर की वाल्मीकि बस्ती में देर रात फायरिंग से मची अफरा-तफरी, एम्स ऋषिकेश में उपचार जारी

कलयुग दर्शन (24×7)
सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। नगर कोतवाली क्षेत्र के मायापुर की वाल्मीकि बस्ती में शुक्रवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक को निशाना बनाने पहुंचे बदमाशों ने फायरिंग कर दी। इस दौरान युवक के साथ रह रही युवती गोली की चपेट में आकर घायल हो गई। गंभीर हालत में उसे एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार युवती की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार केशर नाम की युवती खन्नानगर स्थित एक जिम में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करती है। वह मायापुर की वाल्मीकि बस्ती में अंश नाम के युवक के साथ रह रही थी। बताया जा रहा है कि अंश के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। शुक्रवार रात कुछ युवक अंश को निशाना बनाने के इरादे से उसके घर पहुंचे। आरोप है कि वहां उन्होंने अंश पर गोली चलाने की कोशिश की। इसी दौरान केशर बीच में आ गई और गोली उसे लग गई।

फायरिंग के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल युवती को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही आरोपियों की पहचान और फायरिंग के कारणों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस के अनुसार घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। अभी फायरिंग करने वाले आरोपियों और वारदात के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस घायल युवती के बयान तथा घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान होने के बाद उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



